पहले सिपाही की पत्नी, अब महिला कांस्टेबल… इटावा पुलिस लाइन में एक महीने में दूसरी मौत!

इटावा पुलिस लाइन में एक माह के भीतर दूसरी आत्महत्या की घटना ने सबको चौंका दिया है. 2019 बैच की महिला कांस्टेबल ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दी. इससे पहले 2 जुलाई को एक सिपाही की पत्नी ने भी फांसी लगाई थी. इन घटनाओं से पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों की सुरक्षा पर भी सवाल उठ रहे हैं.

इटावा पुलिस लाइन में एक माह के भीतर दूसरी आत्महत्या

इटावा पुलिस लाइन में एक महीने के भीतर आत्महत्या की दूसरी घटना सामने आने से हड़कंप मच गया है. 2 जुलाई को सिपाही की पत्नी ने फांसी लगाकर जान दी थी. वहीं रविवार को सैफई थाने में तैनात महिला कांस्टेबल ने जहरीला पदार्थ खा लिया. हालत बिगड़ने पर उन्हें सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी रेफर किया गया. जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.

जानकारी के मुताबिक, महिला कांस्टेबल की पहचान प्रियंका (2019 बैच) के रूप में हुई है. वह मूल रूप से सहारनपुर की रहने वाली थीं. प्रियंका ने पुलिस लाइन स्थित अपने आवास में जहरीला पदार्थ खा लिया. सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे. जहां डॉक्टरों ने उन्हें सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी रेफर कर दिया था.

सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में मौत

सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी पहुंचने पर डॉक्टरों ने प्रियंका को मृत घोषित कर दिया. इसके बाद शव को मेडिकल यूनिवर्सिटी के शवगृह में रखवा दिया गया. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मेडिकल यूनिवर्सिटी पहुंचे और मामले की जांच-पड़ताल की, लेकिन अधिकारियों ने घटना के कारणों को लेकर फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है.

आत्महत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं

प्रियंका ने किन परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाया, इसका अभी पता नहीं चल सका है. आत्महत्या के पीछे पारिवारिक, व्यक्तिगत या कोई अन्य कारण था, इसकी भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. प्रियंका की दो बेटियां होने की जानकारी सामने आई है, जबकि उसके पति और परिवार से जुड़ी अन्य जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है.

2 जुलाई को भी हुई थी आत्महत्या

पुलिस लाइन में इससे पहले 2 जुलाई को एक सिपाही की पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या की थी. उस घटना के करीब एक महीने बाद अब महिला कांस्टेबल की आत्महत्या का मामला सामने आया है. लगातार सामने आई इन दोनों घटनाओं से पुलिस लाइन में रहने वाले पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों से जुड़े सुरक्षा एवं परिस्थितियों को लेकर भी सवाल हो रहे हैं.

सोमवार को पोस्टमार्टम की संभावना

फिलहाल प्रियंका का शव सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी के शवगृह में रखा गया है. अनुमान है कि सोमवार दोपहर इटावा मुख्यालय में शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही महिला कांस्टेबल की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी. पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है.

Follow Us