अवैध संबंधों में बना रोड़ा तो पति का घोंटा गला, पत्नी ने जेल से छुटे प्रेमी संग रची साजिश
इटावा में प्रॉपर्टी डीलर की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है. उनकी पत्नी और प्रेमी ने अवैध संबंधों में बाधा बन रहे पति को रास्ते से हटाने के लिए सुनियोजित साजिश रची. हत्या से चार दिन पहले खरीदे गए कीपैड मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर पूरी योजना बनाई गई. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया है.
इटावा में प्रॉपर्टी डीलर आनंद राजपूत उर्फ महबूब की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. हत्या की साजिश मृतक की पत्नी आशिकी देवी और उसके प्रेमी शिवम राजपूत ने मिलकर रची थी. दोनों ने अवैध संबंधों में बाधा बन रहे आनंद को रास्ते से हटाने के लिए पूरी योजना बनाई और फिर घर के अंदर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी.
जानकारी के मुताबिक, पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के तोड़ा गांव की है. यहां के निवासी आनंद का शव 12 जुलाई की रात उसके घर में संदिग्ध हालत में मिला था. जांच में सामने आया कि 32 वर्षीय आशिकी और 22 साल के शिवम लंबे समय से प्रेम संबंध में थे. आनंद को इसकी जानकारी हो गई थी, जिसके कारण घर में अक्सर विवाद होता था.
दोनों ने मिलकर अंगोछे से आनंद का गला घोंटा
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने प्रेसवार्ता में बताया कि हत्या की योजना सुनियोजित तरीके से बनाई गई थी. वारदात से चार दिन पहले शिवम ने एक नया कीपैड मोबाइल खरीदा था, ताकि दोनों बिना किसी शक के संपर्क में रह सकें. यहां तक की घटना वाली रात आशिकी ने अपने तीनों बच्चों को उनके दादा-दादी के घर भी भेज दिया था.
इसके बाद शिवम घर पहुंचा और दोनों ने मिलकर अंगोछे से आनंद का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध होने पर पुलिस, फोरेंसिक टीम और सर्विलांस टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए. पोस्टमार्टम रिपोर्ट, तकनीकी जांच, मोबाइल कॉल डिटेल, फोरेंसिक साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर पूरी घटना का खुलासा किया गया.
मार्च में आनंद की शिकायत पर जेल गया था शिवम
जांच में सामने आया कि आशिकी देवी और शिवम राजपूत के बीच काफी समय से प्रेम संबंध थे. आनंद को दोनों के संबंधों की जानकारी हो गई थी, जिसके कारण पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था. मार्च में आनंद की शिकायत पर शिवम जेल गया था. जून में जेल से बाहर आने के बाद उसने दोबारा आशिकी से संपर्क किया और दोनों ने हत्या की योजना बना ली.
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल अंगोछा, कीपैड मोबाइल, मृतक की सोने की अंगूठी, एक एंड्रॉयड फोन और आरोपी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली है. मामले में पर्याप्त साक्ष्य एकत्र कर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है. पुलिस जांच में जुटी है.
