‘अतिथि देवो भव’ पर सवाल! ताजमहल में पानी का संकट, गर्मी में प्यासे भटके रहे पर्यटक

भीषण गर्मी के बीच पर्यटकों को ताजमहल में पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है. एक वायरल वीडियो ने परिसर में पानी की कमी और मूलभूत सुविधाओं के अभाव को उजागर किया है. ASI की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल उठाती है. देश-विदेश से आए अतिथि बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं.

ताजमहल में पेयजल संकट!

दुनिया के सात अजूबों में शुमार ताजमहल का दीदार करने आ रहे पर्यटकों को इन दिनों भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. भीषण गर्मी के बीच ताजमहल परिसर में पीने के पानी का गंभीर संकट पैदा हो गया है. इस जल संकट ने ASI की व्यवस्थाओं और भारतीय पर्यटन के मूल मंत्र ‘अतिथि देवो भव’ के दावों की हवा निकाल कर रख दी है.

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने ताज परिसर में मूलभूत सुविधाओं के अभाव को उजागर किया है. बताया जा रहा है कि ताजमहल परिसर में पर्यटकों को चिलचिलाती धूप में पीने का पानी नहीं मिल पा रहा था. वीडियो में कई पर्यटक पानी की तलाश में इधर-उधर भटकते दिखाई दे रहे हैं. गर्मी के मौसम में यह स्थिति पर्यटकों के लिए परेशानी बन गई है.

ताजमहल के प्रभारी ने मामले पर दी सफाई

पर्यटकों का कहना है कि विश्व धरोहर ताजमहल देखने के लिए वे टिकट खरीदकर आते हैं, लेकिन परिसर में पीने के पानी जैसी बुनियादी सुविधा भी सुचारू रूप से उपलब्ध नहीं है. हर साल करोड़ों रुपये का राजस्व देने वाले इस ऐतिहासिक धरोहर स्थल पर अगर पर्यटकों को पीने तक मयस्सर नहीं है, तो यह प्रशासनिक लापरवाही का एक बहुत बड़ा उदाहरण है.

इस पूरी घटना ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के प्रबंधन और व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. मामले पर ताजमहल के प्रभारी कलंदर बिंद ने सफाई देते हुए बताया कि पश्चिमी गेट पर लगी पानी की टंकी का स्टैंड टूट जाने के कारण टंकी गिर गई थी. इसी वजह से उस स्थान पर कुछ समय के लिए पेयजल व्यवस्था प्रभावित हुई.

नया स्टील स्टैंड तैयार कराया जा रहा- बिंद

कलंदर बिंद ने कहा कि नया स्टील स्टैंड तैयार कराया जा रहा है और एक-दो दिन के भीतर वहां पानी की व्यवस्था फिर से शुरू कर दी जाएगी. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इसके अलावा सभी जगह पानी की पर्याप्त व्यवस्था है कोई दिक्कत नहीं है. फिलहाल वायरल वीडियो के बाद एएसआई की व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा तेज हो गई है.

Follow Us