प्रेमिका से फोन पर प्रेमी को बुलाया, फिर दोनों का मुंह काला कर निकाला जुलूस; इटावा में 7 गिरफ्तार

इटावा में प्रेम प्रसंग को लेकर प्रेमी-प्रेमिका के साथ अमानवीय व्यवहार हुआ. परिजनों ने दोनों मुंह काले कर गांव में जुलूस निकाला गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 7 लोगों को गिरफ्तार किया. यह घटना एक विवाहित महिला और उसके प्रेमी से जुड़ी है. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है.

इटावा में कपल का मुंह काला कर निकाला जुलूस

इटावा के वैदपुरा थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है, जहां एक महिला से उसके प्रेमी को बुलाकर, दोनों के साथ मारपीट कर अमानवीय व्यवहार किया गया. दोनों का मुंह काला कर गांव में जुलूस निकाला गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 7 लोगों को गिरफ्तार किया. साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है.

जानकारी के मुताबिक, घटना वैदपुरा थाना के बर्रा गांव की है. यहां रहने वाली तीन बच्चों की मां 26 मार्च को अपनी मर्जी से मैनपुरी जिले के एक युवक के साथ घर छोड़कर चली गई थी. अगले दिन 27 मार्च की शाम को परिजन उसे ढूंढकर वापस घर ले आए. महिला का आरोप है कि घर लाने के बाद उसे प्रताड़ित किया गया. साथ ही युवक को बुलाने का दवाब दिया.

रातभर कमरे में बंद रखा, सुबह मुह काला कर घुमाया

आरोप है कि 27 मार्च की रात करीब 10 बजे महिला से उसके परिजनों ने फोन कराकर युवक को गांव के पास बुलवाया. महिला के बुलावे पर युवक रात करीब 11 बजे गांव पहुंचा, जहां पहले से मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया. इसके बाद उसके साथ जमकर मारपीट की गई और रातभर एक कमरे में बंद रखा गया. फिर सुबह मुंह काला कर जुलूस निकाला.

महिला के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 5 बजे उसका मुंह काला किया गया. युवक को भी लात-घूंसों और जूता-चप्पलों से पीटा गया. इसके बाद दोनों को गांव में जुलूस के रूप में घुमाया गया. इस दौरान कुछ लोग चप्पलों की माला पहनाने की भी तैयारी कर रहे थे, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई. बाद इसकी सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई की.

पति, देवर समेत 7 आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ जारी

घटना की सूचना मिलते ही वैदपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जुलूस में शामिल लोगों को पकड़ लिया. पुलिस महिला और युवक को भी थाने ले आई. थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह के मुताबिक, महिला के साथ मारपीट के आरोप में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है और शांति भंग की आशंका में कार्रवाई की गई है. महिला और युवक से पूछताछ जारी है.

थाना प्रभारी ने बताया कि कुछ अन्य लोगों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. सीओ आयुषी सिंह ने बताया कि पति, देवर समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी. वहीं, इस अमानवीय घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है.

Follow Us