किचन में लीक हो रहा था सिलेंडर, बंद करते समय हो गया ब्लास्ट; 9 लोग झुलसे

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में हुए भीषण सिलेंडर ब्लास्ट में एक ही परिवार के 9 लोग बुरी तरह झुलस गए. रसोई गैस लीक को हादसे की वजह बताया जा रहा है. इसमें 8 गंभीर घायलों को ग्रीन कॉरिडोर बनाकर कानपुर रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है. प्रशासन ने पीड़ित परिवार को आपदा राहत कोष से मदद देने के निर्देश दिए हैं.

अस्पताल पहुंचे डीएम और एसपी

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में सिलेंडर ब्लास्ट की एक दर्दनाक घटना हुई है. इसमें एक ही परिवार के 9 लोग बुरी तरह झुलस गए हैं. इनमें 8 लोगों को ग्रीन कॉरिडोर बनाकर कानपुर के अस्पताल में ले जाया गया. जहां इनकी हालत नाजुक बनी हुई है. वहीं एक व्यक्ति को जिले के अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

मामला फतेहपुर के बिन्दकी तहसील क्षेत्र के गांव इटौरा पिलखनी का है. घटना की जानकारी होने पर डीएम अभिमन्यु मांगलिक ने खुद अस्पताल पहुंचकर प्रभावित लोगों का हाल जाना और उन्हें कानपुर के अस्पताल के लिए रेफर करने की व्यवस्था कराई. अधिकारियों के मुताबिक घटना दो कमरों के एक मकान में हुई है. रसोई घर में रखे गैस सिलेंडर से गैस लीक होने की वजह से जोरदार ब्लास्ट हुआ है. इस घटना में घर में मौजूद 6 लोग बुरी तरह से झुलस गए. वहीं धमाके की आवाज सुनकर बाहर से आए परिवार के ही 3 अन्य लोग भी इसकी चपेट में आ गए.

हाईवे पर बनाया ग्रीन कॉरिडोर

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम और एसपी खुद मौके पर पहुंचे. चूंकि हादसे के शिकार 9 में से आठ लोगों की हालत नाजुक थी, ऐसे में फतेहपुर पुलिस ने आनन फानन में हाईवे पर ग्रीन कॉरिडोर बनाया और एंबुलेंस के जरिए इन सभी कानपुर के अस्पताल में भर्ती कराया. वहीं एक व्यक्ति को पुलिस और परिजनों ने फतेहपुर के ही मलवां मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है. परिजनों के मुताबिक हादसे के शिकार सभी घायलों की स्थिति अब कंट्रोल में है.

परिवार को मिलेगी सरकारी मदद

घटना स्थल का निरीक्षण और घायलों का हाल जानने के बाद डीएम फतेहपुर ने पीड़ित परिवार को आपदा राहत कोस से मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं. इसके लिए उन्होंने उपजिलाधिकारी बिन्दकी को निर्देशित किया है. इसी के साथ अस्पताल में भर्ती सभी घायलों की लगातार मॉनिटरिंग करने और आवश्यकता के मुताबिक जरूरी दवा इलाज के बेहतर प्रबंधन करने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. इश्तियाक अहमद को निर्देशित किया है.

Follow Us