मानसून ने फिर पकड़ा जोर, आज 60 जिलों में बारिश का अलर्ट; UP में आज का मौसम अपडेट

उत्तर प्रदेश में कमजोर पड़ा मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. अगले पांच दिनों तक लखनऊ समेत 60 जिलों में मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी हुआ है. 31 जुलाई तक वर्षा का दौर चलेगा, जिसमें वज्रपात और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. मौसम विभाग ने दक्षिणी पश्चिमी राजस्थान पर निम्न दाब क्षेत्र के कारण लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

इमेज श्रोत: AI

उत्तर प्रदेश में मानसून बीते चार दिनों से कमजोर पड़ गया था, लेकिन आज एक बार फिर से जोर पकड़ लिया है. भारतीय मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 60 जिलों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक इस बार पांच दिनों तक लगातार बारिश हो सकती है. इस दौरान कहीं बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, तो कहीं मेघ गर्जन के साथ बिजली गिरने का भी खतरा है.

हालात को देखते हुए मौसम विभाग ने संबंधित जिलों के आपदा विभाग को संभावित परिस्थितियों के लिए अलर्ट रहने की सलाह दी है. बताया है कि प्रदेश में बारिश का दौर 31 जुलाई तक बना रह सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक आज 60 जिलों में तेज बारिश होगी. वहीं शेष 15 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान 30 से अधिक जिलों में वज्रपात हो सकती है. वहीं 40-50 किलोमीटर प्रतिघंटा की स्पीड से हवाएं भी चलने का अंदेशा है.

ऐसे बना बारिश का मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिणी पश्चिमी राजस्थान पर निम्न दाब का क्षेत्र बना है. इसकी वजह से आज सोमवार से मानसून यूपी में सक्रिय हो रहा है. इन परिस्थितियों में पूरे प्रदेश में झमाझम बारिश की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक यह परिस्थिति अगले चार दिनों तक रह सकती है. अब संभावना है कि एक अगस्त के बाद मानसून थोड़ा कमजोर पड़े. इसके बाद बारिश में भी कमी आएगी.

गर्मी से मिलेगी राहत

मौसम विभाग के मुताबिक बीते चार दिनों में मानसून कमजोर पड़ने की वजह से उत्तर प्रदेश में गर्मी और उमस की वजह से लोगों का बुरा हाल था. अब चार दिन तक बारिश का मौसम बनने की वजह से तापमान में कमी आने की संभावना है. उमस से भी राहत मिल जाएगी. फिलहाल मौसम विभाग ने लोगों को तेज हचाओं और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए अलर्ट रहने की सलाह दी है.

इन जिलों में होगी तूफानी बारिश

मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 12 से अधिक जिलों में तूफानी बारिश का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक इनमें मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, बरेली, कानपुर, बदायूं, रामपुर, मैनपुरी, ललितपुर, सीतापुर, हरदोई, बहराइच, कन्नौज, कुशीनगर, प्रयागराज, गोरखपुर और देवरिया आदि जिले शामिल हैं. इन जिलों में भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान की संभावना है. वहीं बाकी जिलों में बारिश और आंधी तूफान का जोर थोड़ा कम रह सकता है.

Follow Us