फरियाद लेकर DM ऑफिस पहुंची थी महिला, नहीं मिला न्याय तो डीजल छिड़क लगा ली आग; मचा हड़कंप

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में एक महिला ने संपत्ति विवाद में न्याय न मिलने से हताश होकर जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर खुद पर डीजल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया. गनीमत रही कि होमगार्ड के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसे बचा लिया. महिला का आरोप है कि उसके सगे भाई पैतृक मकान पर कब्जा करना चाहते हैं. उसकी शिकायत पर कोई सुनवाई नहीं हो रही थी.

फतेहपुर कलक्ट्रेट में महिला ने किया आत्मदाह का प्रयास

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर बुधवार को हड़कंप मच गया. यहां एक महिला ने अपने ऊपर डीजल छिड़क कर आग लगा ली. गनीमत रही कि वहां तैनात होमगार्ड के जवानों ने महिला को बचा लिया. यह महिला अपने ही परिवार में संपत्ति और लेनदेन के विवाद में फरियाद लेकर डीएम ऑफिस पहुंची थी. महिला के मुताबिक उसका विवाद उसके सगे भाइयों के साथ है. वह न्याय के लिए काफी समय से भटक रही है.

पुलिस के मुताबिक खागा कोतवाली क्षेत्र के बोधी का पुरवा गांव की रहने वाली लीलावती बुधवार की दोपहर कलेक्ट्रेट पहुंची थी. बताया जा रहा है कि लीलावती ने डीएम ऑफिस में गुहार लगाई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई. ऐसे में उसने अपने ऊपर डीजल छिड़का और माचिस जलाकर आत्मदाह करने का प्रयास किया. गनीमत है कि वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों ने उसे ऐसा करते देख लिया और दौड़ कर उसके हाथ से माचिस छीन ली.

घटना से मचा हड़कंप

इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया. आनन फानन में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और महिला से पूछताछ की. इसमें महिला ने बताया कि शादी के कुछ दिन बाद ही वह अपने पति के साथ खागा के हसनपुर अकोढ़िया गांव स्थित मायके आ गई थी. यहां वह अपने अविवाहित भाई प्रमोद के घर में रह रही थी. इसी दौरान उसका भाई बीमार पड़ा तो उसने लोन लेकर उसका इलाज कराया. बावजूद इसके, उसकी जान नहीं बची.

मकान कब्जाना चाहते है दूसरे भाई

महिला ने बताया कि छोटे भाई की मौत के बाद वह उसी घर में रह रही थी. लेकिन उसके दूसरे भाई इस मकान में हिस्सा मांग रहे हैं. इसको लेकर महिला का अपने सगे भाइयों से विवार चल रहा था. आरोप है कि हिस्सा नहीं देने पर महिला की गैर-मौजूदगी में उसके भाई ताला तोड़कर घर में घुस आए थे. महिला का कहना है कि इसकी शिकायत लेकर वह अधिकारियों के चक्कर काटकर थक चुकी है.

Follow Us