पहले कैंसर पीड़ित पत्नी को गोली मारी, फिर खुद को उड़ाया; पूर्व विधायक के बेटे ने क्यों उठाया खौफनाक कदम?
उत्तर प्रदेश के फ़िरोज़ाबाद में पूर्व विधायक के बेटे राकेश यादव ने अपनी कैंसर पीड़ित पत्नी मूर्ति देवी की गोली मारकर हत्या कर दी और फिर खुद को भी उड़ा लिया. पुलिस जांच में पता चला है कि राकेश अपनी पत्नी की बीमारी और एक कानूनी मामले को लेकर गहरे डिप्रेशन में थे. परिजनों ने कुछ लोगों द्वारा उत्पीड़न का आरोप भी लगाया है. पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है.
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में एक दर्दनाक घटना हुई है. यहां शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के सुभाष तिराहा के पास रहने वाले पूर्व विधायक जगदीश यादव के बेटे राकेश यादव ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या के बाद खुद को भी गोली मार लिया है. वारदात शनिवार की है. सूचना मिलने पर जिले में हड़कंप मच गया. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनुज चौधरी के अनुसार के मुताबिक मृतकों की पहचान राकेश यादव और उनकी पत्नी मूर्ति देवी के रूप में हुई है. राकेश यादव पूर्व कांग्रेस विधायक जगदीश यादव के बेटे थे. उन्होंने लाइसेंसी रिवॉल्वर से इस वारदात को अंजाम दिया है. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल रिवॉल्वर कब्जे में लेकर फोरेंसिक टीम की मदद से मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है. इस संबंध में परिजनों के बयान भी दर्ज किए गए हैं.
कई एंगल से हो रही जांच
एडिशनल एसपी ग्रामीण अनुज चौधरी के मुताबिक राकेश की पत्नी मूर्ति देवी लंबे समय से कैंसर की बीमारी से जूझ रही थीं. काफी इलाज के बाद भी उनके स्वास्थ्य में कोई सुधार नहीं हो रहा था. इससे उनका पूरा परिवार पर मानसिक और भावनात्मक दबाव में था. वहीं, राकेश यादव भी एक कानूनी मामले को लेकर काफी परेशान थे. आशंका जताई जा रही है कि इन्हीं परिस्थितियों की वजह से राकेश यादव डिप्रेशन में आ गए थे और उन्होंने पत्नी की हत्या के बाद खुद को भी गोली मार ली.
परिजनों ने दी तहरीर
इस वारदात के बाद राकेश यादव के परिजनों ने पुलिस में लिखित तहरीर दी है. इस तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. परिजनों ने अपनी तहरीर में कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. बताया कि राकेश को कुछ लोग लगातार परेशान कर रहे थे. इसलिए वह मानसिक तौर पर टूट गए थे. पुलिस के मुताबिक मामले की जांच में इन सभी आरोपों को शामिल कर लिया गया है. इसी क्रम में पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
