प्री-मानसून में आसमान से बरसी ‘मौत’, आकाशीय बिजली ने छीनी 4 लोगों की जिंदगी

उत्तर प्रदेश में प्री-मानसून बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से 4 लोगों की दुखद मौत हो गई. चंदौली और मिर्जापुर जिलों में हुई इन घटनाओं में कई अन्य झुलस भी गए हैं, जिन्हें अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. पुलिस व प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है और पीड़ित परिवारों को दैवीय आपदा राहत योजना के तहत सहायता प्रदान की जा रही है.

बिजली गिरने से चार लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश में प्री मानसून की बारिश का दौर जारी है. जगह जगह बिजली कड़कने और बिजली गिरने की भी घटनाएं हो रही हैं. इसी बीच शनिवार को हुई बारिश के दौरान उत्तर प्रदेश के चंदौली और मिर्जापुर में आकाशीय बिजली गिरने से 4 लोगों की मौत हो गई. वहीं, कई अन्य लोग बुरी तरह से झुलस गए. इन सभी लोगों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है.

पहली घटना उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले की है. यहां चकिया तहसील के धनावल कला गांव स्थित चुप्पेपुर वनवासी बस्ती के पास आम के बागीचे में शनिवार की शाम को बिजली गिरी थी. गांव के प्रधान के मुताबिक शनिवार को आंधी चलने पर गांव में रहने वाली दो लड़कियां आम बीनने के लिए बागीचे में गई थीं. तभी बिजली गिरी और ये दोनों लड़कियां उसकी चपेट में आ गईं. इससे मौके पर ही दोनों की मौत हो गई. इनमें से एक की पहचान वाराणसी जिले के चोलापुर थाना क्षेत्र में गोसाईपुर गांव के रहने वाले राजकुमार की 12 साल की बेटी रूबी और दूसरे की पहचान उसके पड़ोस में रहने वाली बच्ची लक्ष्मी के रूप में हुई है.

नौगढ़ में भी गिरी बिजली

इसी प्रकार नौगढ़ थाना क्षेत्र के बजरडीहा गांव में शनिवार की दोपहर आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 60 वर्षीय महिला शंकुतला देवी (60) की मौत हो गई. घटना के वक्त वह अपने घर के बाहर झाड़ू लगा रही थीं. ठीक उसी समय अचानक बिजली कड़की और वह चपेट में आ गईं. सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और पीड़ित परिवार को दैवीय आपदा राहत योजना के तहत आर्थिक सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू की.

मिर्जापुर में किशोर की मौत

शनिवार की दोपहर आंधी पानी के दौरान मिर्जापुर के हलिया थाना क्षेत्र के मुड़पेली गांव में भी बिजली गिरी है. इस घटना में एक किशोर की मौत हो गई. मृतक की पहचान इसी गांव के ही रहने वाले राजाराम के रूप में हुई है. वह गांव के ही दोस्त अजय कुमार के साथ अदवा बैराज घूमने गया था. इस घटना में राजाराम की तो मौके पर ही मौत हो गई. वहीं अजय बुरी तरह से झुलस कर बेहोश हो गया. इसी प्रकार मिर्जापुर के मुड़पेली गांव में ही हुई एक दूसरी घटना में आकाशीय बिजली गिरने से तीन महिलाएं बुरी तरह झुलस गई हैं. वह तीनों अपने कच्चे मकान के अंदर बैठी थीं.

Follow Us