चलती मालगाड़ी में भड़की आग, देखते ही देखते खाक हो गई नई कारें; DFC ट्रैक पर बड़ा हादसा

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में DFC ट्रैक पर चलती मालगाड़ी में भीषण आग लग गई. नई कारों से लदी बोगी धू-धू कर जली, जिसमें 10 कारें खाक हो गईं. लोको पायलट की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया. रेलवे प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं, ताकि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा सके. यह हादसा रुपसपुर क्षेत्र के पास हुआ.

मालगाड़ी में लगी आग Image Credit:

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (डीएफसी) रेल लाइन से गुजर रही एक मालगाड़ी में बुधवार को अचानक आग लग गई. कंपनी से निकली नई कारों से लदी इस गाड़ी में आग लगने के कुछ मिनट के अंदर ही लपटें आसमान छूने लगीं. इतनी तेजी से आग फैली कि कुछ ही देर में पूरी आग लपटों से घिर गईं. ऐसे इस मालगाड़ी में लदी कारें भी जलकर खाक हो गईं. घटना फिरोजाबाद के रुपसपुर क्षेत्र के पास की है.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बुधवार की दोपहर मालगाड़ी ट्रैक से गुजर रही थी, तभी इंजन के ठीक पीछे लगी पहली बोगी से धुआं उठना शुरू हुआ और देखते ही देखते धुआं आग की लपटों में बदल गया. इसके बाद पूरी वैगन ही आग की चपेट में आ गई. चलती ट्रेन में आग लगने का दृश्य देखकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण और राहगीर मौके की ओर दौड़ पड़े. इतने में आग की ऊंची-ऊंची लपटें आसमान छूने लगीं.

पायलट ने रोकी आग

गनीमत रही कि लोको पायलट ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए ट्रेन को रोककर प्रभावित बोगी को ट्रेन से अलग कर दिया. इससे आग दूसरी बोगियों तक नहीं फैल सकी. घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल, जीआरपी, स्थानीय पुलिस, फायर ब्रिगेड और रेलवे अधिकारियों की टीमें मौके पर पहुंची. इसके बाद बडी मुश्किल से आग को काबू किया गया. करीब एक घंटे भर चले रेस्क्यू और फायर फाइटिंग ऑपरेशन के बाद आग को तो बुझा लिया गया, लेकिन इस बोगी पर लदी 10 नई कारें ढांचे में तब्दील हो गईं.

मामले की जांच में जुटा रेलवे

घटना के बाद रेलवे रेलवे प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं. पता किया जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी या कोई तकनीकी खराबी थी. मुख्य अग्निशमन अधिकारी सत्येंद्र कुमार पांडेय के मुताबिक फिलहाल आग को पूरी तरह काबू तो कर लिया गया, लेकिन बोगी पर लदी 10 कारें पूरी तरह से जलकर ढांचे में तब्दील हो गई हैं.

Follow Us