ढाबे पर खाने को लेकर बवाल, पहले मारपीट फिर हुई चाकूबाजी; 2 की मौत से हड़कंप

गाजियाबाद के खोड़ा कॉलोनी स्थित एक ढाबे पर खाना परोसने में देरी को लेकर मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया. दबंग लड़कों ने ढाबे पर चाकूबाजी की. इसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे. इनमें भी दो लोगों की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को हिरासत में लिया है और मामले की गहन जांच जारी है.

सांकेतिक तस्वीर

राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में शनिवार को एक ढाबे पर मामूली सी बात पर चाकूबाजी हो गई. इस वारदात में दबंग टाइप के लड़कों ने ढाबे पर काम कर रहे तीन युवकों के पेट में चाकू घोंप दिया. इससे दो लड़कों की तो मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल है. सूचना मिलने पर हरकत में आई गाजियाबाद कमिश्नरेट की पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

मामला शनिवार की देर रात गाजियाबाद के खोड़ा कॉलोनी का है. पुलिस के मुताबिक यहां शुक्र बाजार स्थित बैष्णो ढाबे पर देर रात कुछ लोग खाना खाने आए थे. इन लोगों ने खाने का ऑर्डर दे दिया, लेकिन इनका ऑर्डर तैयार करने में देर हो रही थी. इस बात को लेकर ढाबा संचालक से इनकी कहासुनी हो गई. इसी कहासुनी में बवाल इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई. इतने में खाना खाने आए युवकों ने चाकू निकाला और तीन कर्मचारियों के ऊपर ताबड़तोड़ वार कर दिया.

दो की मौके पर ही मौत

गाजियाबाद पुलिस के मुताबिक इस वारदात में चाकू लगने से तीन कर्मचारी घायल हो गए. इनमें से दो की हालत नाजुक थी. आनन फानन में इन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो को तो मृत घोषित कर दिया, वहीं तीसरे की गंभीर हालत को देखते हुए अस्पताल में भर्ती कर लिया है. सूचना मिलने पर पहुंचे डीसी पी ट्रांस हिंडन और एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने मामले की जांच पड़ताल की और दबिश देकर चार आरोपियों को हिरासत में लिया है.

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान खोड़ा में ही किराए पर रहने वाले सत्यम और उसके साथी श्रीपाल के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे, जिन्हें बाद में हिरासत में ले लिया गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है. इस संबंध में घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है. पुलिस के मुताबिक मामले की जांच में पता चला है कि खाना परोसने में देरी और ज्यादा पैसे मांगने को लेकर विवाद हुआ था.