गाजियाबाद की इस सोसायटी में आग का तांडव, 10 फ्लैट जलकर खाक, मुश्किल से बची जान
गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित गौर ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी में भीषण आग लगने से 10 फ्लैट पूरी तरह जल गए. अग्निशमन दल ने कड़ी मशक्कत के बाद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला, जिसमें वेंटिलेटर पर मौजूद एक मरीज का बचाव भी शामिल था. इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि लाखों का सामान जलकर खाक हो गया. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लिया और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं.
राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में बुधवार की सुबह बड़ा हादसा हुआ. यहां इंदिरापुरम थाना क्षेत्र स्थित गौर ग्रीन एवेन्यू सोसायटी में भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग तेजी से फैली और 10 फ्लैट्स को अपनी चपेट में ले लिया. यह देखते ही पूरी सोसायटी में हड़कंप मच गया. लोग अपने अपने फ्लैटों से निकलकर भागने लगे. इतने में मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने बड़ी मुश्किल से आग को तो काबू कर लिया, लेकिन इन सभी फ्लैटों में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया.
जानकारी के मुताबिक सबसे पहले आग सोसायटी के एक टॉवर की दसवीं मंजिल पर बने फ्लैट में लगी थी. लोग अभी कुछ समझ पाते कि आग ने प्रचंड रूप ले लिया और देखते ही देखते आग फैलकर पास के 9 अन्य फ्लैट्स तक पहुंच गई. आग इतनी भयानक थी कि लपटें आसमान छू रही थीं. आग की इन लपटों को मेरठ एक्सप्रेसवे से भी देखा जा सकता था. इससे आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया. ऐसे हालात में लोगों में अफरातफरी मच गई.
मुश्किल से बची जान
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने बड़ी मुश्किल से इन फ्लैट्स में घिरे लोगों को बाहर निकाला. इस दौरान दमकल कर्मियों ने वेंटीलेटर पर जिंदा एक मरीज को भी बड़ी मुश्किल से रेस्क्यू किया और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया गया. अधिकारियों के मुताबिक इस घटना में कोई जान तो नहीं गई है, लेकिन कुछ लोग झुलस गए हैं. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इसी प्रकार इन सभी फ्लैट्स में रखा सारा सामान एवं इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर खाक हो गए हैं.
सीएम योगी ने लिया संज्ञान
फायर ब्रिगेड के मुताबिक अभी तक साफ नहीं हो सका है कि आग कैसे लगी, लेकिन आशंका है कि बिजली की लाइन में शार्ट सर्किट एक वजह हो सकती है. फिलहाल टीम इसकी जांच कर रही है. उधर, घटना की जानकारी मिलने पर खुद सीएम योगी ने संज्ञान लिया है. उन्होंने पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों से फोन पर बात कर पीड़ित परिवारों की मदद करने, राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं. सीएम के आदेश पर डीएम गाजियाबाद खुद मौके पर पहुंचकर राहत कार्य की मॉनिटिरंग कर रहे हैं.