गाजियाबाद से प्रयागराज-कानपुर तक…. लखनऊ अग्निकांड के बाद UP में कोचिंग सेंटर्स की जांच
लखनऊ अग्निकांड के बाद यूपी में फायर सेफ्टी अभियान तेज हो गया है. गाजियाबाद, कानपुर समेत कई शहरों में कोचिंग सेंटरों और सोसायटियों में अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच की जा रही है. मानकों की अनदेखी पर बिजली काटी जा रही है और कानूनी कार्रवाई शुरू हुई है. बार-बार नोटिस के बावजूद लापरवाही बरकरार है, जिससे हजारों लोगों की जान जोखिम में है.
लखनऊ अग्निकांड के बाद उत्तर प्रदेश में एक बार फिर सिस्टम जाग गया है. प्रयागराज से कानपुर तक और मुरादाबाद-बरेली से नोएडा-गाजियाबाद तक कोचिंग सेंटर खंगाले जा रहे हैं. इन सभी कोचिंग सेंटरों में फायर सेफ्टी मानकों की पड़ताल की जा रही है. इसी क्रम में गाजियाबाद के आरडीसी में संचालित 100 से अधिक कोचिंग सेंटरों पर फायर ब्रिगेड ने मंगलवार की सुबह धावा बोल दिया. जहां कहीं भी मानकों की अनदेखी पायी गई, वहां बिजली के कनेक्शन कटवाए गए और कानूनी कार्रवाई शुरू की गई.
फायर सेफ्टी अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल इन्हें नोटिस दिया जा रहा है. बिजली काटी जा रही है. दोबारा लापरवाही मिली तो कड़ी कार्रवाई होगी. बता दें कि इसी तरह की कार्रवाई पिछले साल दिल्ली में आई बाढ़ के दौरान भी हुई थी. उस समय एक प्रतिष्ठित कोचिंग सेंटर में पानी भरने से कई छात्रों की मौत हुई थी. उस समय भी उत्तर प्रदेश के सभी कोचिंग सेंटरों पर कार्रवाई हुई. बावजूद इसके, अभी तक कहीं भी हालात में कोई सुधार नहीं हुए.
सोसायटियों में भी खतरे में जिंदगी
राष्ट्रीय राजधानी से सटे गाजियाबाद की 52 सोसाइटियों में भी हजारों लोगों की जान खतरे में है. यह खतरा इन सोसाइटियों में फायर सेफ्टी के मानक पूरे नहीं होने की वजह से है. इन सोसायटियों में फायर ब्रिगेड ने नोटिस लगाने के साथ ही कोर्ट में मुकदमा भी दाखिल किया है. जबकि इंदिरापुरम के अभय खंड की गॉड ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी में 29 अप्रैल को ही भीषण अग्निकांड हुआ था. इस हादसे के बाद शासन ने प्रदेश भर की सोसायटियों और संस्थानों में फायर सेफ्टी मानक पूरे करने के आदेश दिए थे.
कार्रवाई के नाम पर केवल नोटिस
अप्रैल में चले अभियान के दौरान फायर ब्रिगेड ने 100 से अधिक आवासीय सोसाइटियों और प्रतिष्ठानों को चिन्हित किया था. इन प्रतिष्ठानों को फायर सेफ्टी मानक पूरे करने के लिए नोटिस दिए गए. इनमें से बड़ी संख्या में ऐसे संस्थान और सोसायटियां हैं, जिन्हें तीसरी या चौथी बार नोटिस मिला है. अब फायर ब्रिगेड इन संस्थानों के खिलाफ भी कोर्ट में वाद दायर करना शुरू किया है. उधर, कानपुर और प्रयागराज में फायर ब्रिगेड की टीम सुबह से ही जांच कर रही है. खामी पाए जाने पर नोटिस की कार्रवाई हो रही है.