चाकू से काटा गला, पेट पर भी ताबड़तोड़ वार… सामने आया यूट्यूबर सलीम पर हमले का CCTV
सलीम वास्तिक पर हमले का जो सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. इस वीडियो में जीशान और गुलफाम गुस्ताखी का आरोप लगाते हुए सलीम के पेट और गले पर ताबड़तोड़ वार करते नजर आ रहे हैं. वीडियो इतना ज्यादा भयावह है कि इसे दिखाया भी नहीं जा सकता है.
गाजियाबाद के यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर हुए जानलेवा हमले का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है. जीशान और गुलफाम नाम के दो सगे भाइयों ने यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया था. इस मामले में यूपी पुलिस ने 01 मार्च को जीशान और 03 मार्च को गुलफाम को एनकाउंटर में मार गिराया था. दोनों के ऊपर एक-एक लाख का इनाम घोषित किया गया था.
बेहद भयावह है सीसीटीवी फुटेज
सलीम वास्तिक पर हमले का जो सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, वह बेहद भयावह है. वीडियो में जीशान और गुलफाम गुस्ताखी का आरोप लगाते हुए सलीम के पेट और गले पर ताबड़तोड़ वार करते नजर आ रहे हैं. सीसीटीवी में जो नजर आया उसके मुताबिक सबसे पहले जीशान और गुलफाम हेलमेट पहनकर सलीम के ऑफिस में घुसते हैं. सलीम सोफे पर लेटे हुए हैं. एक गुलफाम सलीम को दबोच लेता है, तो जीशान सलीम पर ताबड़तोड़ वार शुरू कर देता है.
सलीम का गला रेतने के उद्देश्य से आए थे हमलावर
सीसीटीवी फुटेज देखने से साफ पता चलता है कि गुलफाम और जीशान सलीम का गला रेतने के उद्देश्य से ही आए हुए थे. गले और पेट पर वार करते हुए जब पेपर कटर टूट गया तो दोनों वहां मौजूद टेबल के शीशे को पटककर तोड़ दिया. फिर शीशे के हिस्सों से लगातार सलीम वास्तिक पर हमला किया. यह सब घटनाक्रम तकरीबन 5 मिनट तक चला. इस दौरान सलीम बहादुरी से जीशान और गुलफाम से लड़ते रहे. फर्श पर खून ही खून फैल गया.
हमलावरों ने किसी भारी चीज से भी सलीम का गला कुचलने की कोशिश की. इस बीच जीशान और गुलफाम में से कोई एक कहता नजर रहा है कि – मारो इसे, मारो-मारो, रुकना नहीं…पेट में मारो, गले पर…गुस्ताखी करेगा ये. दूसरा हमलावर सलीम पर ताबड़तोड़ वार करता जाता है. इसके बाद दोनों फरार हो जाते हैं. बता दें यह वीडियो इतना वीभत्स है, इसे दिखाया भी नहीं जा सकता है.
सगे भाई थे जीशान और गुलफाम
हमले में शामिल जीशान और गुलफाम सगे भाई थे. वे अमरोहा के रहने वाले थे. गाजियाबाद में फर्नीचर के दुकान में काम करते थे. सलीम वास्तिक पर हमले के बाद दोनों पर पुलिस ने दोनों के ऊपर पुलिस ने एक-एक लाख का इनाम घोषित कर दिया था. अब पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए गाजियाबाद पुलिस ने तीन दिन के भीतर दोनों आरोपियों को अलग-अलग मुठभेड़ों में मार गिराया है.