पहले दुकान से चुराए 65 ग्राम सोने के सिक्के, फिर माल खराब बताकर निकल गया चोर; CCTV से खुला राज
गाजियाबाद की एक ज्वेलरी शॉप में शातिर चोर ने दुकानदार को बातों में उलझाकर 65 ग्राम सोने के सिक्के चुरा लिए. फिर माल खराब बताकर वह फरार हो गया. बाद में सीसीटीवी फुटेज से चोरी का खुलासा हुआ. दुकानदार ने अब एफआईआर दर्ज कराई है.
राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में चोरी का एक हैरतंगेज मामला सामने आया है. यहां एक शातिर चोर एक ज्वेलरी शॉप में दुकानदार को अपनी बातों में उलझाया और मौका देखकर 65 ग्राम सोने के सिक्के जेब में रख लिए. फिर दुकानदार के माल को संदिग्ध बताकर वहां से निकाल गया. चोर के जाने के बाद दुकानदार ने सामान समेटने शुरू किए तो उसे कुछ माल कम दिखा. फिर उसने दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज चेक किए तो पूरे मामले का खुलासा हुआ. इसके बाद दुकानदार ने पुलिस को सूचना दी है.
मामला गाजियाबाद के डासना गेट स्थित श्रीराम ज्वेलर्स में गुरुवार की दोपहर का है. दुकानदार ने पुलिस को बताया कि एक व्यक्ति सोने के सिक्के और कुछ आभूषण खरीदने आया था. पहले उसने सोने के सिक्के देखे और पता नहीं कब 65 ग्राम सिक्के चुरा लिए, उन्हें पता ही नहीं चला. इन सिक्कों की कीमत करीब साढ़े छह लाख रुपये से अधिक है. दुकान मालिक नरेंद्र वर्मा के मुताबिक उसके जाने के बाद उन्हें संदेह हुआ तो सिक्कों की गिनती की. तब मामले का खुलासा हुआ.
CCTV में कैद हुई वारदात
नरेंद्र वर्मा के मुताबिक सिक्कों की संख्या कम होने पर उन्होंने तत्काल दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली. इसमें आरोपी की करतूत कैद हुई थी. इसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी. फिर उन्होंने सीसीटीवी फुटेज के साथ अज्ञात के खिलाफ नगर कोतवाली पुलिस में तहरीर दी है. पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर फुटेज में दिख रहे चोर की पहचान की कवायद शुरू कर दी है.
पहले भी आ चुके हैं ऐसे मामले
ज्वैलरी शॉप में इस तरह की चोरी की यह कोई पहली वारदात नहीं है. इससे पहले विजय नगर थाना क्षेत्र के सिद्धार्थ विहार में दो महिलाओं ने एक दुकान से सोने की टॉप्स चोरी की थी. मालीवाड़ा में भी पिछले दिनों इसी तरह की घटना सामने आई थी. पुलिस के मुताबिक इन सभी मामलों को दर्ज कर आरोपियों की तलाश कराई जा रही है.
