न शौहर माने और ना मौलवी ने दी सहमति, बेगम ने भेज दिया ‘खुलानामा’; क्या है निकाह तोड़ने का ये विधान?
खुलानामा मुस्लिम महिला का एक अधिकार है जिससे वह पति की सहमति के बिना भी निकाह तोड़ सकती है. कुरान में वर्णित इस प्रावधान का उपयोग कर लखनऊ की एक महिला ने हाल ही में अपने पति को खुलानामा भेजा है. यह तलाक से भिन्न है और सुप्रीम कोर्ट में भी इसकी वैधता पर सुनवाई चल रही है.
अब तक तलाक और तीन तलाक के किस्से आप खूब सुनते आए हैं. इसके उलट अब एक खुला का मामला सामने आया है. इसमें एक बेगम ने खुद अपनी ओर से शौहर को खुलानामा भेजकर निकाह तोड़ने का ऐलान किया है. मामला उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ का है. इस बेगम ने बताया कि वह निकाह तोड़ना चाहती है, लेकिन उसके शौहर ने सहमति नहीं दी. यहां तक कि मौलवी ने भी हाथ खड़े कर लिए. ऐसे में उसने खुद कुरान में वर्णित इस अधिकार का इस्तेमाल करते हुए खुला का ऐलान कर दिया है. उसने रजिस्टर्ड डॉक से अपने शौहर को खुलानामा भेज दिया है.
महिला बेबी खान के मुताबिक उनका खुलानामा एक तरफा है. परंपरा के मुताबिक इसमें बीवी के साथ शौहर की भी सहमति जरूरी होती है. फिलहाल शौहर वस्सन खान को भेजा गया बेबी खान का यह खुलानामा इस समय सुर्खियों में है. दरअसल ऐसे मामले बहुत कम आते हैं, इसलिए इस खुलानामा की चर्चा भी खूब हो रही है. बेबी खान के मुताबिक कुरान में महिलाओं को भी कुछ अधिकार दिए गए हैं. उन्हीं अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए उन्होंने अपने शौहर को खुलानामा भेजा है. इस व्यवस्था में पति की सहमति या मौलवी की मंजूरी जरूरी नहीं होती.
क्या है खुलानामा
जानकारी के मुताबिक मुस्लिम पर्सनल लॉ के तहत खुलानामा भी निकाह और तलाक की तरह का ही एक दस्तावेज है. इसमें पत्नी की पहल या आपसी सहमति से निकाह विच्छेद होता है. इसमें निकाह विच्छेद की शर्तें तय होती है, जिसमें मेहर, गुजारा भत्ता और बच्चों की कस्टडी से जुड़ी बातें शामिल हैं. बड़ी बात यह कि जैसे तलाक शौहर पत्नी की सहमति के बिना दे सकता है, उसी प्रकार पत्नी भी पति के सहमति के बिना खुला का ऐलान कर सकती है.
क्या होगा आगे?
यदि पति-पत्नी दोनों की सहमति हो जाए तो ‘खुला’ में कोई विवाद नहीं होता. वहीं जब पति सहमत ना हो तो विवाद पैदा हो सकता है. इसी तरह का एक मामला इस समय सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है. हालांकि इससे पहले केरल और तेलंगाना हाईकोर्ट से इस संबंध में फैसले आए हैं. इसमें कहा गया है कि मुस्लिम महिला बिना शौहर की सहमति के भी ‘खुला’ ले सकती है. सुप्रीम कोर्ट में लंबित मामला इसी मुद्दे पर जुड़ा है और इसके संवैधानिक और कानूनी वैधता का परीक्षण जारी है.
कुराना में क्या है प्रावधान?
बेबी खान हिना ने पति पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए सुलह के लिए 4 जुलाई और 7 अगस्त को डाक से नोटिस भेजे थे. बावजूद इसके पति ने कोई जवाब नहीं दिया. इसके बाद हिना ने शरीयत के तहत मिले अधिकार का उपयोग किया. बताया कि कुरान की सूरह अल-बकरह की आयत 229 में महिला को अधिकार मिले हैं. इसमें कहा गया है कि पति-पत्नी के बीच संबंध रखना संभव नहीं होने पर कुछ मेहर (प्रतिफल) देकर महिला निकाह तोड़ सकती है.
