छुट्टी नहीं दी तो मार डाला… गाजियाबाद में गार्ड ने चैंबर में घुसकर बैंक मैनेजर को मारी गोली

गाजियाबाद के लोनी में स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक के गार्ड का मैनेजर से छुट्टी को लेकर विवाद चल रहा था. ऐसे में छुट्टी ना मिलने से गुस्साए गार्ड ने बैंक मैनेजर के चैंबर में घुसकर उन्हें गोली मार दी. फिलहाल, इलाज के दौरान बैंक मैनेजर की मौत हो गई. वहीं, वारदात को अंजाम देने के बाद गार्ड फरार हो गया है.

गाजियाबाद में गार्ड ने बैंक मैनेजर को मारी गोली Image Credit:

गाजियाबाद के लोनी में बॉर्डर थाना क्षेत्र स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक के मैनेजर को बैंक में ही तैनात एक गार्ड ने गोली मारकर हत्या कर दी. फिलहाल, आरोपी गार्ड फरार है. . सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है. इस घटना के बाद बैंक परिसर के अंदर हड़कंप मच गया.

वारदात के बाद गार्ड हुआ फरार

बैंक में मौजूद अन्य कर्मचारियों के मुताबिक दोपहर करीब दो बजे बैंक गार्ड रवींद्र हुड्डा बैंक मैनेजर अभिषेक शर्मा के चैंबर में पहुंचा. कुछ ही देर बाद चैंबर से गोली चलने की आवाज आई. बैंक के कर्मचारी गोली की आवाज सुन सकते में आ गए. इससे पहले वह कुछ समझ पाते , गार्ड रवींद्र हुड्डा वहां से फरार हो गया.

बैंक मैनेजर के सीने में लगी थी गोली

कर्मचारियों ने जब बैंक मैनेजर अभिषेक शर्मा के चैंबर में जाकर देखा तो वह खून से लथपथ नीचे गिरे पड़े थे. उनके सीने में गोली लगी थी. आनन-फानन में अन्य बैंक कर्मी बाइक से अभिषेक को अस्पताल लेकर पहुंचे. यहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

गार्ड का बैंक मैनेजर से छुट्टी को लेकर चल रहा था विवाद

ACP ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि बैंक का गार्ड रवींद्र हुड्डा बागपत का रहने वाला है. उसका बैंक मैनेजर से छुट्टी को लेकर विवाद चल रहा था. इसी बात को लेकर उसने घटना को अंजाम दिया. उन्होंने आगे बताया कि वारदात के बाद गार्ड मौके से फरार है, उसकी तलाश के लिए पुलिस टीमें जगह-जगह दबिश दे रही है.

बैंक कर्मियों ने क्या बताया

बैंक कर्मियों के अनुसार, गार्ड सोमवार सुबह भी ड्यूटी पर नहीं आया.इस पर मैनेजर अभिषेक शर्मा ने उसे फोन किया. ड्यूटी पर न आने का कारण पूछते हुए फटकार लगाई थी. गार्ड ने जवाब दिया कि कुछ इमरजेंसी आ गई है.इसलिए आज नहीं आ सकता हूं. इसी बात पर दोनों की बहस हुई. फिर गॉर्ड बैंक आया और इस घटना को अंजाम देकर फरार हो गया.

Follow Us