इतनी भी क्या जल्दी… निमोनिया का इलाज कराने आई थी बच्ची, नर्स ने काटी उंगली; FIR
गाजियाबाद के सर्वोदय अस्पताल में निमोनिया के इलाज के दौरान 9 माह की बच्ची की उंगली कट गई. नर्स ने कैनुला हटाते समय लापरवाही से कैंची चला दी. इस संबंध में परिजनों ने नर्स और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है. अस्पताल ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है और बच्ची की प्लास्टिक सर्जरी की गई है.
राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के अस्पताल में हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां निमोनिया का इलाज कराने आई 9 महीने की बच्ची की डॉक्टर ने उंगली ही काट ली. जानकारी होने पर बच्ची के परिजनों ने नर्स और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है. मामला गाजियाबाद के कविनगर थाना क्षेत्र में सर्वोदय अस्पताल का है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस के मुताबिक हापुड़ में दादरी गांव के रहने वाले अंकुश त्यागी तहरीर दी है.
उन्होंने बताया कि उनकी नौ महीने की बेटी को निमोनिया हो गया था. इलाज के लिए उन्होंने अपनी बेटी को बीते 24 फरवरी को सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया था. इलाज के बाद बच्ची की हालत तो सुधर गई, लेकिन डिस्चार्ज करते समय नर्स ने काम में लापरवाही बरतते हुए बच्ची की उंगली ही काट ली. दरअसल बच्ची के हाथ में लगे कैनुला हटाने के लिए नर्स ने कैंची का इस्तेमाल किया, इस दौरान उसका ध्यान कहीं और था, इसलिए उसने टेप के बजाय बच्ची की उंगली पर ही कैंची चला दी.
कट कर जमीन पर गिरी उंगली
इससे बच्ची की उंगली का एक हिस्सा कटकर जमीन पर गिर गया. यह देखते ही बच्ची के परिजनों ने अस्पताल में खूब हंगामा काटा. इसके बाद अस्पताल स्टॉफ ने मामले को दबाने की कोशिश की, लेकिन बच्ची के पिता ने कवि नगर थाना पहुंच कर अस्पताल प्रबंधन और नर्स पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराया है; पुलिस के मुताबिक तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.
अस्पताल ने मानी गलती
बवाल बढ़ने पर सर्वोदय हॉस्पिटल के मीडिया कोर्डिनेटर डॉ. नीरज गर्ग ने सफाई दी है. उन्होंने गलती स्वीकार करते हुए कहा कि कैनुला निकालते समय उंगली पर कैंची लग गई थी और उंगली का एक छोटा हिस्सा कट गया था. फिलहाल प्लास्टिक सर्जन ने ऑपरेट कर दिया है और अब बच्ची की स्थिति स्थिर है. उन्होंने बताया कि बच्ची जल्द ही स्वस्थ हो जाएगी.
