गाजियाबाद में PAK के जासूस! सोलर कैमरों से भेज रहे थे LIVE वीडियो, पुलिस का बड़ा एक्शन

गाजियाबाद पुलिस ने दिल्ली-एनसीआर में पाकिस्तान के लिए जासूसी कर रहे छह लोगों को गिरफ्तार किया है. ये जासूस संवेदनशील स्थानों से लाइव वीडियो और तस्वीरें भेजने के लिए IP सोलर कैमरों का उपयोग कर रहे थे. इनके पाकिस्तान में बैठे हैंडलर से सीधे संपर्क थे और इसके एवज में उन्हें मोटी रकम मिलती थी. पुलिस ने कई मोबाइल फोन और बैंक लेनदेन के सबूत भी बरामद किए हैं.

गाजियाबाद में पकड़े पाकिस्तानी जासूस

दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर पाकिस्तान के लिए जासूसी का मामला सामने आया है. पाकिस्तान के इशारे पर दिल्ली के संवेदनशील स्थानों से लाइव तस्वीरें और वीडियो भेजी जा रही थीं. इसके लिए जगह जगह जगह IP सोलर कैमरे लगाए गए थे. गुप्त इनपुट के आधार पर गाजियाबाद पुलिस ने छह जासूसों को धर दबोचा है. इन जासूसों से पूछताछ में हुए खुलासे की डिटेल गाजियाबाद पुलिस ने दिल्ली पुलिस के साथ शेयर किया है. इसके बाद दिल्ली पुलिस और केंद्रीय जांच एजेंसियां भी हरकत में आ गई हैं.

गाजियाबाद के एडिशनल सीपी राजकरण नैयर के मुताबिक गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कौशांबी थानाक्षेत्र में दबिश दी थी. इस दौरान भोवापुर तिराहा के पास से मेरठ के परतापुर निवासी सुहेल मलिक को अरेस्ट किया गया. फिर सुहेल की ही पहचान और निशानदेही के आधार पर भोवापुर निवासी प्रवीन, राज, शिवा और रितिक को पकड़ा गया. इसी प्रकार आनंद विहार बॉर्डर के पास से संभल की रहने वाली महिला साने इरम उर्फ महक को अरेस्ट किया गया है.

हैरान कर देगा खुलासा

शनिवार को पकड़े गए इन जासूसों से पूछताछ में पता चला है कि इन्होंने अब तक 50 से अधिक वीडियो पाकिस्तान भेजे हैं. इसके एवज में इन्हें मोटी रकम मिली है. पुलिस ने इन जासूसों के पास से आठ मोबाइल फोन बरामद किए हैं. इनके फोन में दिल्ली के रेलवे स्टेशनों और सैन्य ठिकानों की तस्वीरें और वीडियो भरी पड़ी थी. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दिल्ली में कुछ स्थान पर इन लोगों ने आईपी सोलर कैमरे भी लगाए हैं. इन कैमरों से लाइव वीडियो उनके हैंडलर तक पहुंच रही है.

हरकत में दिल्ली पुलिस

गाजियाबाद पुलिस ने इन जासूसों की निशानदेही पर एक लोकेशन की पहचान करते हुए दिल्ली पुलिस को सूचित किया है. इसके बाद दिल्ली पुलिस और अन्य केंद्रीय एजेंसियां हरकत में आ गई हैं. पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी ऑन डिमांड वीडियो और फोटो बनाते थे. इनके लिए सीधे पाकिस्तान में बैठे हैंडलर से टास्क मिलता था. इन्हें हरेक फोटो या वीडियो के लिए पांच से आठ हजार रुपये तक मिलते थे. वहीं लाइव वीडियो का खर्च इन्हें अलग से मिलता था.

फोन में मिला हैंडलर का नंबर

गाजियाबाद पुलिस के मुताबिक इन जासूसों के मोबाइल से इनके हैंडलर का नंबर मिला है. पाकिस्तान में बैठे इस हैंडलर से ये जासूस करीब एक साल से संपर्क में थे और उसे फोटो और वीडियो भेज रहे थे. इनकी बातचीत केवल वॉट्सऐप पर ही होती थी. पुलिस ने आरोपी सुहेल के बैंक खाते में पाकिस्तान से लेनदेन होने की भी पुष्टि की है. गाजियाबाद पुलिस ने जरूरी पूछताछ के बाद इन सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से इन्हें जेल भेज दिया गया है.

Follow Us