एक का एनकाउंटर, बाकियों का क्या? सूर्या की मां ने मांगा ‘पूरा न्याय’, संगीत सोम बोले- हम आ रहे गाजियाबाद
गाजियाबाद के बहुचर्चित सूर्या हत्याकांड में मुख्य आरोपी असद के एनकाउंटर के बाद राजनीति तेज हो गई है. सूर्या की मां ने इसे 'अधूरा न्याय' बताते हुए सभी आरोपियों के एनकाउंटर की मांग की है. वहीं बीजेपी नेता संगीत सोम ने पीड़ित परिवार से मिलने का ऐलान किया है. उन्होंने एनकाउंटर पर सवाल उठाने वालों को आड़े हाथों लिया है.
राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश के बहुचर्चित सूर्या हत्याकांड में राजनीति भी शुरू हो गई है. एक तरफ सूर्या की मां ने पुलिस की कार्रवाई को अधूरा न्याय बताते हुए सभी आरोपियों के एनकाउंटर की मांग की है. वहीं मेरठ में सरधना के पूर्व विधायक और बीजेपी के फायर ब्रांड नेता संगीत सोम ने गाजियाबाद आकर पीड़ित परिवार से मुलाकात का ऐलान किया है. उन्होंने हत्यारोपी असद के एनकाउंटर पर सवाल उठाने वालों को भी घेरने की कोशिश की है.
बता दें कि सूर्या हत्याकांड में मुख्य आरोपी असद के एनकाउंटर के बाद पुलिस ने उसके तीन अन्य साथियों को अरेस्ट किया है. इन तीनों आरोपियों को पुलिस ने जरूरी पूछताछ के बाद रविवार को ही जेल भेज दिया. इस खबर को सुनकर सूर्या की मां ने प्रतिक्रिया दी है. कहा कि इन आरोपियों को जेल भेजने के बजाय इनका भी एनकाउंटर होना चाहिए था. सूर्या की मां ने कहा कि असद का एनकाउंटर कर पुलिस ने अच्छा काम किया, लेकिन यह अधूरा न्याय है. सभी आरोपियों का एनकाउंटर होना चाहिए.
संगीत सोम ने की आपत्तिजनक टिप्पणी
सूर्या हत्याकांड को लेकर बीजेपी नेता संगीत सोम ने आपत्तिजनक टिप्पणी की है. उन्होंने असद के एनकाउंटर पर सवाल उठाने वालों से पूछा है कि संपोले को आप मेमना कैसे कह सकते हैं? उन्होंने इस संबंध में सोशल मीडिया में कई पोस्ट किए हैं. कहा कि सूर्या असद का दोस्त था. उसने कुर्बानी देखने के बहाने बुलाया और उसे काट डाला. संगीत सोम यहीं नहीं रूके. उन्होंने कहा कि इनकी परवरिश में ही लादेन और बगदादी को अल्लाह का बंदा बताया जता है. अभी ये 20 प्रतिशत हैं तो कुर्बानी करते हैं, 40 फीसदी होंगे तो कत्लेआम करेंगे.
पीड़ित परिवार से मिलेंगे संगीत सोम
पूर्व विधायक संगीत सोम आज सूर्या के घर जाकर परिजनों से मुलाकात करेंगे. उन्होंने खुद अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर यह ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि इस वारदात ने पूरे समाज को झकझोर दिया है. वह पीड़ित परिवार के साथ हैं और न्याय की लड़ाई में उनके साथ मजबूती के साथ खड़े रहेंगे. उन्होंने ईश्वर से सूर्या की आत्मा की शांति की कामना करते हुए कहा कि वह आज उनके घर जाकर श्रद्धा सुमन अर्पित करेंगे.