लव अफेयर या रोड रेज, क्या है सूर्या हत्याकांड की असली वजह? बकरीद के दिन असद ने मारा था चाकू

गाजियाबाद के खोड़ा कॉलोनी में सूर्या हत्याकांड में बड़ा मोड़ आया है. पुलिस ने पहले इसे रोड रेज बताया, लेकिन अब खुलासा हुआ है कि बकरीद के दिन हुई यह हत्या प्रेम प्रसंग और पुरानी रंजिश का नतीजा थी. असद और उसके पिता नवाब समेत कई आरोपियों ने मिलकर सूर्या को बहाने से बुलाकर चाकुओं से गोद दिया. वहीं पुलिस एनकाउंटर के बाद असद के शव को गुपचुप तरीके से दफनाया गया है.

सूर्या हत्याकांड, सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

राष्ट्रीय राजधानी से सटे गाजियाबाद के खोड़ा कालोनी में सूर्या हत्याकांड को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है. पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस की पूछताछ में बताया है कि यह वारदात रोड रेज की वजह से हुई है. दरअसल, 28 मई यानी बकरीद के दिन ही करीब तीन बजे असद और सूर्य प्रताप में झगड़ा हुआ था. इसकी जानकारी असद ने अपने पिता नवाब को दी और नवाब के कहने पर ही उन लोगों ने करीब साढ़े तीन बजे सूर्य प्रताप को बहाने से बुलाकर उसकी हत्या कर दी.

आरोपियों ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि बकरीद के दिन असद अपनी बाइक से कहीं जा रहा था. उधर सूर्या भी अपनी गली से बाइक पर निकला और दोनों आमने सामने आ गए. दोनों ने एक दूसरे को सामने से हटने के लिए कहा और इसी बात पर दोनों में झगड़ा होने लगा. यहां तक कि हाथापायीं भी हुई. उस समय मौके पर मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर दोनों को अलग करते हुए समझौता करा दिया था.

योजना बनाकर की वारदात

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वहां से असद घर लौटा, जहां परिवार के लोग बकरीद के जश्न की तैयारी कर रहे थे. यहां असद ने सबसे पहले अपने पिता नवाब को इस घटना की जानकारी दी. वहीं पर आरोपी फरान, आतिफ, सारिक आदि भी मौजूद थे. यह सुनते हुए सभी खफा हो गए. तुरंत योजना बनाई कि सुलह और कुर्बानी देखने के बहाने असद को बुलाया जाएगा और फिर चाकू घोंपकर उसकी हत्या कर दी जाएगी. फिर आरोपियों ने ठीक आधे घंटे के बाद इस वारदात को अंजाम भी दे दिया.

प्रेम प्रसंग की भी है कहानी

असद के पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक इस वारदात के पीछे प्रेम प्रसंग और अवैध संबंधों की कहानी है. सपा प्रवक्ता अमित जमाई ने इस कहानी को अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर पोस्ट भी किया है. उन्होंने बताया कि सूर्या के अवैध संबंध असद की बहन के साथ थे. इस बात को लेकर दोनों में पहले भी झगड़े हुए थे. सपा प्रवक्ता के मुताबिक असद और सूर्या पहले एक ही गली में रहते थे, लेकिन इसी वजह से करीब आठ महीने पहले दोनों में झगड़ा हुआ था. इसके बाद असद के परिवार ने अपना घर बदल लिया और दूसरी गली में रहने लगा था. आरोप है कि सूर्या यहां भी चक्कर काटने लगा था.

गुपचुप तरीके से कराया दफीना

पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम के बाद असद का शव उसके चाचा को सुपुर्द किया गया है और पुलिस की मौजूदगी में गोपनीय तरीके से उसका दफीना किया गया है. पुलिस अधिकारियों ने उस कब्रिस्तान का खुलासा करने से मना किया है, जहां असद को दफनाया गया है. कहा कि शव लेने के लिए असद के चाचा और परिवार के एक अन्य व्यक्ति आए थे. जरूरी औपचारिकताओं के बाद शर्तों के तहत उन्हें शव हैंडओवर किया गया है. साथ में पुलिस टीम भेजकर तुरंत शव को दफन कराया गया.

Follow Us