बचा सको तो बचा लो… ब्रजभूषण शरण को किसने दी जान से मारने की धमकी? गोंडा से दिल्ली तक हड़कंप
पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह और उनके विधायक बेटे प्रतीक भूषण को फोन पर जान से मारने की धमकी मिली है. गोंडा पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए धमकी देने वाले का पता लगा लिया है, जो राजस्थान के अलवर का संदीप शर्मा निकला. आरोपी मानसिक रूप से विक्षिप्त बताया जा रहा है, पर पुलिस अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की भी जांच कर रही है.
उत्तर प्रदेश में गोंडा से पूर्व सांसद बृज भूषण शरण सिंह व उनके विधायक बेटे प्रतीक भूषण सिंह को फोन पर जान से मारने की धमकी मिली है. धमकी देने वाले ने कहा है कि ‘तुम दोनों पिता पुत्र का इंतजाम हो गया है. जल्द ही तुम लोगों को मार दिया जाएगा. खुद को बचा सकते हो तो बचा लो’. कॉलर ने यह धमकी विधायक प्रतीक भूषण को फोन पर दी. इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दी. विधायक के प्रतिनिधि अजय सिंह की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया है.
वहीं पुलिस ने कॉलर का नंबर सर्विलांस पर ट्रैस किया है. पाया गया है कि यह नंबर राजस्थान में अलवर के मंडावर में रहने वाले किसी संदीप शर्मा के नाम पर रजिस्टर्ड है. पुलिस को इस नंबर की जीपीएस लोकेशन भी मिली है. इस लोकेशन पर आरोपी की धर पकड़ के लिए गोंडा पुलिस रवाना हो चुकी है. बता दें कि ब्रजभूषण शरण सिंह भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष होने के साथ पूर्व सांसद भी हैं.
जांच में जुटी पुलिस
विधायक के प्रतिनिधि ने पुलिस को दिए शिकायत में बताया कि कॉलर ने मुश्किल से 40 सेकंड में धमकी देकर फोन काट दिया. इस धमकी के बाद विधायक ने तत्काल फोन पर घटना की जानकारी एसपी गोंडा विनीत जायसवाल को दी. इसके बाद उन्होंने खुद पुलिस को लिखित तहरीर दी है. पुलिस के मुताबिक तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. कॉलर को ट्रैस कर लिया गया है. पुलिस आरोपी की धर पकड़ के लिए आरोपी की ठिकाने पर रवाना हो चुकी है.
कहीं विदेशी कनेक्शन तो नहीं?
पुलिस के मुताबिक कॉलर को ट्रैस तो कर लिया गया है, लेकिन पुलिस को अंदेशा है कि इस धमकी के पीछे किसी अंतरराष्ट्रीय गिरोह का हाथ हो सकता है. इसलिए पुलिस आरोपी की कॉल डिटेल भी खंगाल रही है. सीओ सिटी आनंद कुमार राय के मुताबिक इस घटना के संबंध में नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है. उन्होंने बताया कि गोंडा पुलिस अलवर पहुंच चुकी है. जांच में पता चला है कि आरोपी युवक मानसिक विक्षिप्त है. आरोपी ने पहले भी इस तरह की कई घटनाओं को अंजाम दे चुका है.
