200 बीघे में पंडाल, संतों के लिए हेलीकॉप्टर और 100 कॉटेज… क्यों सुर्खियों में गोंडा में होने वाली रामकथा?
गोंडा में 200 बीघे में विशाल पंडाल और संतों के लिए हेलीकॉप्टर व 100 VIP कॉटेज के साथ भव्य रामकथा का आयोजन हो रहा है. पंडित राजन जी महाराज 9 दिन तक कथा सुनाएंगे. इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बाबा रामदेव और धीरेंद्र शास्त्री जैसे प्रमुख व्यक्तित्व भी इसमें शामिल होंगे.
वैसे तो देश-विदेश में राम कथा के आयोजन तो होते ही रहते हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश के गोंडा में मंगलवार से शुरू हो रही रामकथा इस समय सुर्खियों में है. गोंडा के जयप्रभा गांव में 17 नवंबर को शुरू हो रही इस रामकथा में पंडित राजन जी महाराज नौ दिनों तक भगवान राम की जीवन लीला का वर्णन अपने अंदाज में करेंगे. बड़ी बात यह कि इस कथा में इंतजाम बड़े दिव्य किए गए हैं.
यहां संतों को लाने ले जाने के लिए हेलीकॉप्टर की व्यवस्था की गई है. उनके ठहरने के लिए 100 वीआईपी कॉटेज बनाए गए हैं. वहीं कथा में देश भर से आने वाले बटुकों के ठहरने के लिए अलग से कॉटेज बनवाए गए हैं. कथा का पंडाल ही करीब 200 बीघे जमीन पर बनाया गया है. जबकि पार्किंग एरिया इससे भी अधिक है. माना जा रहा है कि कथा में एक साथ ढाई लाख से अधिक लोग बैठकर रामकथा की गंगा में गोते लगा सकेंगे.
CM योगी व रामदेव भी आएंगे
कथा का आयोजन श्री श्यामा श्याम जू ट्रस्ट की ओर से किया गया है. आयोजकों के मुताबिक इस कथा के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बाबा रामदेव के अलावा बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री भी पहुंचेंगे. ट्रस्ट के महंत आलोक दास ने खुद कथा के व्यवस्थाओं की रूपरेखा तैयार की है. इसमें कोशिश किया गया है कि कथा के दौरान यहां आने वाले संत महत्माओं और विप्रों के ठहरने के इंतजाम में कोई कमी ना रहे. इसके अलावा कथा सुनने आने वाले साधकों को भी किसी तरह की असुविधा ना हो.
बटुकों के ठहरने के लिए अलग पंडाल
आयोजकों के मुताबिक कथा में देश के अलग अलग हिस्सों से 200 से अधिक बटुकों के आने की उम्मीद है. इनके ठहरने के लिए कथा मंडप के पास ही पांच अलग-अलग पंडाल तैयार किए गए हैं. आयोजक के मुताबिक यह आयोजन महज कथा कहने और सुनने के लिए, बल्कि प्रभु श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और जीवन मूल्यों से श्रद्धालुओं को जोड़ने के लिए है.
