महिला नर्सिंगकर्मी के सोशल मीडिया से निकालीं तस्वीरें, अश्लील बनाकर किया वायरल; क्यों ‘दोस्त’ बना दुश्मन?
लखनऊ में एक महिला नर्सिंगकर्मी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर अश्लील बनाकर वायरल की गईं. पुलिस जांच में पता चला कि पीड़िता का परिचित ही इस वारदात को अंजाम दिया है. वह पीड़िता से जबरन रिश्ता बनाना चाहता था.
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां पीजीआई क्षेत्र में रहकर एक निजी अस्पताल में काम करने वाली महिला नर्सिंग कर्मी की कुछ अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया में वायरल हुई है. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच की तो पता चला कि यह हरकत किसी और ने नहीं, बल्कि पीड़िता के एक जानकार ने ही अंजाम दिया है. आरोपी ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि वह पीड़िता से जबरन रिश्ता कायम करना चाहता था.
आरोपी ने बताया कि पीड़िता ने इसका विरोध किया तो उसे सबक सिखाने के लिए उसने पीड़िता को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया था. मूल रूप से बिहार की रहने वाली पीड़िता ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दी है. बताया कि आरोपी ने उसका स्नैपचैट अकाउंट हैक कर उसकी तस्वीरें हासिल की थीं. फिर उन्हें एडिट कर अश्लील बनाया और ना केवल उसके परिजनों को भेजा, बल्कि सोशल मीडिया पर भी डाल दिया.
धमकी देकर परेशान करने का भी आरोप
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी दिल्ली का रहने वाला विशाल है. वह अब भी उसे सोशल मीडिया पर धमकी देकर परेशान कर रहा है. आरोपी की हरकतों की वजह से पीड़िता दहशत में है. बल्कि कुछ दिनों से वह अपने घर से अस्पताल आने जाने में भी डरने लगी है. सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है.
2 महिलाओं की मॉर्फ तस्वीरें वायरल
लखनऊ में ही एक सिरफिरे ने दो महिलाओं की तस्वीरें एडिट कर सोशल मीडिया में वायरल कर दी है. मामला लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र की है. आरोपी ने इन तस्वीरों को फर्जी फेसबुक आईडी से वायरल किया है. यह सनसनीखेज मामला सामने आने के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है. एसीपी गोसाईंगंज ऋषभ कुमार यादव के मुताबिक आरोपी प्रिया सिंह नाम से फर्जी आईडी बनाई और इन एडिटेड तस्वीरों को सोशल मीडिया पर डाला.
