यूट्यूबर BF के साथ थी पत्नी, देखते ही भड़का पति; पहले पत्नी का सिर फोड़ा फिर प्रेमी का कर दिया ये हाल
गोरखपुर में अवैध संबंधों के चलते एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई है. पति जितेंद्र निषाद ने अपनी पत्नी गुंजा देवी और उसके प्रेमी कुलदीप शर्मा को आपत्तिजनक हालत में देखकर धारदार हथियार से हमला कर दिया. इस हमले में उसने पत्नी का सिर फोड़ दिया. वहीं प्रेमी का भी गला काटकर हत्या की कोशिश की. फिलहाल दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है.
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई है. यहां एक युवक ने पहले अपनी पत्नी का सिर फोड़ा, फिर उसने पत्नी के प्रेमी का भी गला काट दिया. जानकारी होने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. इसके बाद दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां दोनों की हालत नाजुक है. वारदात के पीछे अवैध संबंधों की कहानी निकलकर सामने आई है. पुलिस के मुताबिक आरोपी अभी फरार है. उसकी तलाश कराई जा रही है.
जानकारी के मुताबिक गोरखपुर के झगहा थाना क्षेत्र में ब्रह्मपुर के पीपरपाती गांव निवासी जितेंद्र निषाद तमिलनाडु में रहकर किसी निजी कंपनी में नौकरी करता है. वहीं घर पर उसकी पत्नी गुंजा देवी रहती है. 15 दिन पहले ही जितेंद्र छुट्टी लेकर पत्नी के पास आया था. पुलिस के मुताबिक रविवार को जितेंद्र की पत्नी ने उसे किसी काम से बाहर भेज दिया और उसके पीठ पीछे अपने बॉयफ्रेंड को बुला लिया. संयोग से जितेंद्र समय से पहले काम निपटाकर घर आया, लेकिन देखा तो उसकी पत्नी अपने बॉयफ्रेंड कुलदीप के साथ थी.
धारदार हथियार से कटा गला
यह देखकर आरोपी जितेंद्र ने न आव देखा न ताव, कुलदीप के ऊपर धारदार हथियार से हमला कर दिया. इससे उसका गला कट गया. आरोपी को इतने से संतोष नहीं हुआ तो उसने अपनी पत्नी का सिर फोड़ दिया और मौके से फरार हो गया. चीख पुकार सुनकर पहुंचे पास पड़ोस के लोगों ने पुलिस को सूचना दी. इसके बाद पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है. पुलिस के मुताबिक महिला के प्रेमी की पहचान राजधानी गांव में शिलहटा मुंडेरा निवासी कुलदीप शर्मा के रूप में हुई है. वह यूट्यूबर है.
दो दिन पहले भी हुआ था झगड़ा
बताया जा रहा है कि कुलदीप के साथ अवैध संबंधों को लेकर दो दिन पहले भी जितेंद्र का पत्नी के साथ झगड़ा हुआ था. दरअसल जितेंद्र ने एक वीडियो में दोनों को साथ देखा था. पुलिस ने पड़ोसियों से पूछताछ के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है. वहीं अस्पताल में भर्ती आरोपी की पत्नी और उसके प्रेमी के बयान का भी इंतजार किया जा रहा है. पुलिस के मुताबिक जितेंद्र की शादी 10 साल पहले बाघागाड़ा निवासी गुंजा के साथ हुई थी. दोनों के दो बेटे भी हैं.
