खुद को IAS बताकर 25 लड़कियों से रचा ली शादी, ऐसे पकड़ा गया जालसाज प्रीतम; जानें पूरी कहानी

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में खुद को फर्जी आईएएस बताकर युवती से शादी रचाने वाले प्रीतम निषाद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी ने कबूला है कि उसने कई महिलाओं से धोखाधड़ी कर शादी की. आईएएस बनने का सपना अधूरा रहने पर उसने यह रास्ता अपनाया. पुलिस ने जालौन से उसे धर दबोचा, जहां वह छिपा हुआ था.

गोरखपुर में पकड़ा गया फर्जी आईएएस

उत्तर प्रदेश में सीएम सिटी गोरखपुर में खुद को आईएएस बताकर युवती से शादी रचाने वाला प्रीतम निषाद अरेस्ट हो गया है. पुलिस ने जरूरी पूछताछ के बाद आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ युवती के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस आरोपी की तलाश में इटावा गई थी, लेकिन उसकी लोकेशन बुंदेलखंड के जालौन में मिली. इसके बाद जालौन पहुंची पुलिस ने उसे कालपी रेलवे स्टेशन के पास से अरेस्ट किया है. पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह खुद को IAS बताकर अब तक कई शादियां कर चुका है.

बताया कि उसने पढ़ाई केवल हाई स्कूल तक की है. पहले की तरह इस बार भी उसने गोरखपुर में शादी का प्लान बनाया था, लेकि एक गलती की वजह से उसकी पोल खुल गई. गोरखपुर एसपी सिटी नमीष पटेल के मुताबिक आरोपी प्रीतम निषाद बेहद शातिर अपराधी है. उसने अब तक दो शादियों की बात कबूल की है. हालांकि उसके 25 से अधिक शादियों के इनपुट हैं. इसमें से एक शादी गोरखपुर में और दूसरी शादी कहीं और की है. एसपी सिटी के मुताबिक आरोपी ने पूछताछ में बताया कि बचपन से ही उसका सपना आईएएस बनने का था.

पूरा नहीं हुआ आईएएस बनने का ख्वाब

चूंकि वह इंटरमीडिएट की परीक्षा पास नहीं कर पाया. इसकी वजह से आईएएस बनने का सपना अधूरा रह गया. ऐसे में उसने खुद को आईएएस बताना शुरू कर दिया. इससे समाज में उसे इज्जत के साथ पैसा भी मिलने लगा. एसपी सिटी ने बताया कि अब पुलिस प्रीतम के अन्य साथियों की पहचान और धरपकड़ में जुट गई है. उसके जीजा भानु निषाद ने बताया कि वह लोगों से बड़े अधिकारी के रूप में परिचय देता था. पुलिस के मुताबिक आरोपी प्रीतम ने लड़की वालों को अपने बहनोई भानु निषाद के घर दिखाया था और शादी कर ली थी. उन्हें बताया था कि यह उसका अपना घर है. हालांकि मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलते ही वह यहां से फरार हो गया था.

बहनोई का घर दिखाकर की थी शादी

पुलिस ने प्रीतम के पड़ोसियों से भी बात की है. उन्होंने बताया कि 11 मार्च को प्रीतम ने गोरखपुर में शादी की और 12 मार्च को वह लोग गोरखपुर से इटावा आए. उनके पीछे पीछे लड़की के परिवार वाले भी आ गए. प्रीतम की सच्चाई पता चलने पर लड़की के परिवार वालों ने काफी हंगामा किया और अपनी बेटी को लेकर वापस लौट गए. पड़ोसियों और परिजनों ने बताया कि प्रीतम की पहली शादी औरैया के दौलतपुर गांव से हुई थी. उस शादी में अभी तक तलाक नहीं हुआ है.

Follow Us