गोरखपुर में पिता की हैवानियत, बच्चों को दही में जहर देकर खिलाया; दो मासूमों की मौत
गोरखपुर में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. जहां एक पिता ने आर्थिक तंगी से परेशान होकर अपने तीन बच्चों को दही में जहर मिलाकर खिला दिया, जिसमें दो मासूमों की दर्दनाक मौत हो गई. यह हृदय विदारक घटना गीड़ा थाना क्षेत्र की है. पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है.
गोरखपुर में गीड़ा थाना क्षेत्र के बरवार गांव में गुरुवार देर शाम एक हृदय विदारक घटना सामने आई. जहां एक पिता पर अपने ही तीन बच्चों को दही में जहर मिलाकर खिलाने का आरोप है. इस दर्दनाक घटना में दो मासूम बच्चों की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि बड़ी बेटी की जान बच गई. जानकारी के मुताबिक, घटना के समय बच्चों की मां ड्यूटी पर थी.
पुलिस् के मुताबिक, बरवार निवासी सत्यम कुमार पुत्र अनिल की शादी करीब 12 साल पहले इंदिरा नगर, गोरखपुर निवासी संजू देवी से हुई थी. संजू देवी गोरखपुर स्थित सुपर बाजार में कार्यरत हैं. गुरुवार शाम वह अपनी ड्यूटी पर थी. इस बीच आरोपी पिता सत्यम ने दही में जहर मिलाकर अपने तीन बच्चों को खाने के लिए दिया, जिससे दो की मौत हो गई.
बड़ी बेटी ने साहस दिखाते हुए दादा-बुआ को बुलाया
बताया जा रहा है कि देर शाम करीब 8 बजे सत्यम कुमार घर पहुंचा और दही में जहर मिलाकर बच्चों को खाने के लिए दिया. छोटी बेटी प्राची (8 वर्ष) और पुत्र अक्षत (5 वर्ष) ने दही खा लिया, जबकि बड़ी बेटी प्रज्ञा (11 वर्ष) ने दही नहीं खाया. कुछ देर बाद दोनों बच्चों की हालत बिगड़ने लगी, बच्चों की तबीयत खराब होते देख आरोपी पिता मौके से फरार हो गया.
इसके बाद बड़ी बेटी प्रज्ञा ने साहस दिखाते हुए घटना की जानकारी अपने दादा और बुआ को दी. सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों बच्चों को तत्काल जिला अस्पताल ले गए. वहां से हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने दोनों बच्चों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान मासूम प्राची और अक्षत की मौत हो गई.
आरोपी पिता गिरफ्तार, मामले की जांच में जुटी पुलिस
परिजनों के अनुसार, सत्यम कुमार ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था. उसकी मां ने बताया कि वह ऑटो की किस्त जमा करने के लिए पैसों की मांग कर रहा था. प्रारंभिक जांच में आर्थिक तंगी को घटना का संभावित कारण माना जा रहा है. घटना की सूचना मिलते ही गीड़ा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
इस मामले में क्षेत्राधिकारी गीडा पुलिस ने बताया कि गुरुवार की देर रात सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ने अपने बच्चों को जहर दे दिया है. जहां आज सुबह दो बच्चों की दुखद मौत हो गई. बच्चों के दादा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था. वहीं, आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया गया है. पुलिस मामले में सभी पहलुओं पर जांच कर रही है.