इंतजार हुआ खत्म, गोरखपुर में 700 से अधिक लोगों को मिलने जा रही नए घर की चाबी
गोरखपुर के खोराबार टाउनशिप प्रोजेक्ट के मिनी एमआईजी, एलआईजी, ईडब्लूएस श्रेणी फ्लैट्स के काम तकरीबन पूरे हो चुके हैं. जल्द ही 700 से अधिक आवंटियों को इन फ्लैट्स का कब्जा दे दिया जाएगा. हालांकि, एमआइजी के 10 ब्लाक के कुल 560 आवासों का काम अगस्त महीने तक पूरा हो पाएगा.
गोरखपुर के खोराबार टाउनशिप परियोजना में फ्लैट के लिए आवेदन करने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी है. गोरखपुर विकास प्राधिकरण ने इस योजना के 700 से अधिक आवंटियों को अप्रैल तक कब्जा दिलाने की तैयारियां तेज कर दी है. मिनी एमआईजी, एलआईजी, ईडब्लूएस के सभी फ्लैट्स के काम तकरीबन पूरे हो चुके हैं. बस अब फिनिशिंग देना बाकी रह गया है. जल्द ही इसे भी पूरा कर लिया जााएगा.
एलआइजी और ईडब्लूएस श्रेणी का काम तकरीबन पूरा
खोराबार टाउनशिप परियोजना में एलआइजी श्रेणी में दो ब्लाक में कुल 480 फ्लैट हैं. एलआईजी ब्लॉक की सरंचना पूरी हो चुकी है. इसके फिनिशिंग का काम भी तकरीबन 85 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है.वहीं, एलआइजी ब्लाक-02 में भी 13वें फ्लोर तक संरचना खड़ी हो चुकी है. फिनिशिंग का काम भी शुरू हो चुका है. इसके अलावा ईडब्लूएस फ्लैट्स के 7 में से 5 ब्लॉक के काम मार्च के अंत तक पूरा हो जाएगा. ईडब्लूएस श्रेणी में 560 आवास हैं.
मिनी एमआईजी श्रेणी का काम भी मार्च हो जाएगा पूरा
मिनी एमआईजी श्रेणी के ब्लॉक-1 की संरचना का काम पूरा हो चुका है. फिनिशिंग भी 95 प्रतिशत तक पूरी हो चुकी है. ब्लाक- दो का काम भी पूरा हो चुका है. फिनिशिंग की शुरुआत भी की जा चुकी है. एमआईजी श्रेणी के दो ब्लॉक में कुल 420 आवास हैं. दोनों ब्लॉक का काम मार्च के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा. हालांकि, एमआइजी के 10 ब्लाक के कुल 560 आवासों का काम अगस्त महीने तक पूरा होगा.
गोरखपुर विकास प्राधिकरण ने क्या बताया?
गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) के उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन ने कहा कि खोराबार टाउनशिप एवं मेडिसिटी परियोजना में मिनी एमआइजी, एलआइजी और ईडब्लूएस श्रेणी के आधे से अधिक आवास का काम पूरा हो चुका है. हम कोशिश कर रहे हैं कि जल्द ही आवंटियों को कब्जा दिला सकें. उन्होंने यह भी जानकारी दी कि एलआइजी और ईडब्लूएस ग्रुप हाउसिंग के बाहरी हिस्सों के विद्युतीकरण के लिए भी प्राधिकरण ने बिजली विभाग को भी पत्र भेजा है.