‘इतना गोली मारो कि…’ अटेंप्ट टू मर्डर में गया था जेल, छूटने पर किया रोड शो; हो गया एक्शन
गोरखपुर में हत्या के प्रयास के आरोपी अमन यादव की जेल से रिहाई पर उसके दोस्तों ने थार-फॉर्च्यूनर गाड़ियों और रंगदारी भरे गानों के साथ भव्य 'विजय जुलूस' निकाला. इस रोड शो का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लिया. पुलिस ने कई दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी अमन की तलाश जारी है.
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां एक युवक हत्या के प्रयास में जेल गया था. जेल से जब वह छूटा तो विजय जुलूस निकाला. इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. इस वीडियो में रंगदारी भरे गाना बज रहा है. वहीं जुलूस में थार और फार्च्यूनर आदि गाड़ियां शामिल हुई. इस वीडियो पर संज्ञान लेते हुए गोरखपुर पुलिस ने इस युवक के दोस्तों को अरेस्ट कर लिया है. वहीं आरोपी युवक की तलाश जारी है.
जानकारी के मुताबिक आरोपी अमन को गोरखपुर पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में दिसंबर 2025 में अरेस्ट किया था. उसी समय से वह जेल में बंद था. पिछले दिनों वह जमानत पर बाहर आया तो जेल के बाहर रिसीव करने के लिए उसके दोस्त थार और फॉर्च्यूनर गाड़ी से पहुंचे थे. इसके बाद भव्य तरीके से स्वागत करते हुए सड़क पर एक काफिला निकाला. इस दौरान रंगदारी भरे गाने बजाए जा रहे थे. संबंधित वीडियो युवक के दोस्तों ने ही सोशल मीडिया में पोस्ट किया था.
वायरल वीडियो पर हुआ एक्शन
सोशल मीडिया में वायरल हो रहे इस वीडियो पर पुलिस ने खुद संज्ञान लिया है और इस मामले में युवक और उसके साथियों के खिलाफ नया मुकदमा दर्ज करते हुए कुछ दोस्तों को अरेस्ट कर लिया है. हालांकि अभी मुख्य आरोपी फरार है जिसकी तलाश की जा रही है.पुलिस ने बताया कि कैंट थाना क्षेत्र के सिंघाडिया स्थित मूर्ति लान में 2 दिसंबर 2025 की रात में शादी समारोह में झगड़ा करने और गोली मारने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था. इस मामले में आरोपी अमन यादव उर्फ मक्कू यादव और राज यादव समेत कई अन्य को जेल भेजा गया था.
7 मई को हुई जमानत
पुलिस के मुताबिक इन आरोपियों की 7 मई 2026 को जमानत मिली. जेल से छूटने पर आरोपियों ने सड़क पर रोड शो किया था. इस दौरान आरोपी हूटर बजाते हुए रील बनाते रहे. यह रील आरोपियों ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया था. इस रील में डायलॉग है कि “इतना गोली मारो कि प्रदेश के इतिहास में न चला हो” और सब पर राज करेगा मालिक. इस वीडियो पर संज्ञान लेकर पुलिस ने कूड़ाघाट निवासी अन्नी कनौजिया, साहिल निषाद, अमित यादव, सक्षम राव, अनुराग अग्रहरी, झगहा थाना क्षेत्र के गोपालपुर निवासी प्रभास यादव और देवरिया जनपद के भटनी निवासी राहुल राज को गिरफ्तार किया है.