MBBS छात्र आकाश पांडेय की मौत: पीड़ित परिवार से मिले श्रीकांत त्यागी, परिजनों की दी आर्थिक मदद
गोरखपुर में MBBS छात्र आकाश पांडेय की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई. वह परिवार के इकलौते बेटे थे. राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल के अध्यक्ष श्रीकांत त्यागी ने पीड़ित परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की. उन्होंने इसे केवल हादसा नहीं, बल्कि एक परिवार के सपनों का अंत बताया.
गोरखपुर में एमबीबीएस छात्र आकाश पांडेय की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद से विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता पीड़ित परिवार से मिलकर अपनी संवेदना व्यक्त कर रहे हैं. राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीकांत त्यागी ने भी रविवार को संत कबीर नगर पहुंचकर मृतक छात्र के परिजनों से मुलाकात की.
श्रीकांत त्यागी ने परिवार को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की. साथ ही घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि यह केवल एक हादसा नहीं बल्कि एक परिवार के सपनों का अंत है. आकाश पांडेय की मौत ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है. परिवार का इकलौता बेटा होने के कारण उसकी मृत्यु ने घर के भविष्य की उम्मीदों को भी खत्म कर दिया.
‘नेताओं को बयानबाज़ी तक सीमित नहीं रहना चाहिए’
श्रीकांत त्यागी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि राजनीतिक दलों को केवल बयानबाज़ी तक सीमित नहीं रहना चाहिए. नेताओं को समाज के सुख-दुख में भी भागीदारी निभानी चाहिए. उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी हमेशा समाज के हर वर्ग के साथ खड़ी रहने की कोशिश करती है और इस मुश्किल समय में भी वह पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी.
गौरतलब है कि गोरखपुर में एमबीबीएस छात्र आकाश पांडेय की मौत हाल ही में एक सड़क दुर्घटना में हो गई थी. दरअसल, 4 मार्च की रात होली के मौके पर गोरखपुर के मोहद्दीपुर-कौवाबाग ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार टोयोटा फॉर्च्यूनर ने कई दोपहिया वाहनों को टक्कर मार दी थी. इस हादसे में एमबीबीएस छात्र आकाश पांडेय (22 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई.
MBBS थर्ड ईयर के छात्र, परिवार के इकलौते बेटे थे
आकाश, बीआरडी मेडिकल कॉलेज के थर्ड ईयर एमबीबीएस छात्र थे. वह संतकबीरनगर जिले के बरगदवा माफी गांव के निवासी थे और अपने परिवार के इकलौते बेटे थे. आकाश एक साधारण परिवार से थे, घर में माता-पिता और तीन बहनें उन्हीं पर आश्रित थीं. हादसे में एक अन्य व्यक्ति उमेश शर्मा की भी जान चली गई, जबकि कुछ लोग गंभीर रूप से घायल हुए.
शरीर ओवरब्रिज की रेलिंग में फंस गया, उल्टे लटके रहे
पुलिस जांच में सामने आया कि यह एक हिट एंड रन था. फॉर्च्यूनर चला रहे गोल्डन साहनी ने नशे में धूत था. उसने स्कूटी में इतनी जोर से टकर मारी कि आकाश करीब 500 मीटर तक घसीटे गए और उनका हेलमेट ओवरब्रिज से नीचे गिर गया. हादसे इतना भयावह था कि आकाश का शरीर ओवरब्रिज की रेलिंग में फंस गया और वे उसपर उल्टे लटके रहे.
वहीं, घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी गोल्डन साहनी को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, इस भयावह घटना के बाद मेडिकल छात्रों और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है. बीआरडी मेडिकल कॉलेज के छात्रों ने इसको लेकर विरोध प्रदर्शन भी किया था, ओपीडी काउंटर बंद कराए और न्याय की मांग की थी.
