पिता ने ही काटा था बेटी का गला, नेहा भारती हत्याकांड में बड़ा खुलासा; हैरान कर देगी वजह

गोरखपुर पुलिस ने नेहा भारती हत्याकांड का खुलासा कर दिया है. पुलिस के अनुसार खुद नेहा के पिता ने ही इस वारदात को अंजाम दिया है. पुलिस ने नेहा के प्रेम प्रसंग को वारदात की वजह बताया है. कहा कि गुस्से में आरोपी ने हंसिया से बेटी का गला रेत दिया. फिर वारदात को दुर्घटना दिखाने की कोशिश की. हालांकि पुलिस जांच में हत्या का पर्दाफाश हुआ.

गोरखपुर में नेहा भारती हत्याकांड का खुलासा

उत्तर प्रदेश में गोरखपुर पुलिस ने पिपराइच की नेहा भारती हत्याकांड का हैरतंगेज खुलासा किया है. पुलिस ने दावा किया है कि नेहा भारती की मौत कोई हादसा नहीं, बल्कि मर्डर है. यह वारदात खुद नेहा के पिता ने ही अंजाम दिया है. पुलिस ने आरोपी पिता से पूछताछ के बाद वारदात की वजह भी बताई है. पुलिस के मुताबिक नेहा भारती प्रेम प्रसंग में थी, उसके पिता को इस पर आपत्ति थी और वह लड़के से बात करने पर डांटते थे. घटना के वक्त भी पिता की नेहा के साथ झड़प हुई. इस दौरान नेहा ने पिता पर हाथ उठा दिया तो गुस्से में उसके पिता ने हंसिया से गला रेत दिया.

बता दें कि नेहा भारती की हत्या के बाद उसकी मां ने पुलिस में शिकायत दी थी. बताया था कि नेहा हंसिए पर गिर गई थी, जिससे उसका गला कट गया. आनन फानन में उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने इस शिकायत पर जांच की तो पता चला कि मामला उतना सीधा नहीं, जितना बताया जा रहा है. ऐसे में पुलिस ने पास पड़ोस में पूछताछ की. इसमें पता चला कि नेहा के प्रेम प्रसंग को लेकर घर में विवाद चल रहा था.

आरोपी ने कबूल किया वारदात

पड़ोसियों से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने नेहा के पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की. इस दौरान पहले तो उसने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने थोड़ी सी सख्ती की तो वह टूट गया. बताया कि उनकी बेटी किसी लड़के से फोन पर बात कर रही थी. उन्होंने मना किया तो दोनों में बहस हुई और उन्होंने उसे थप्पड़ मार दिया था. इसके जवाब में नेहा ने भी उनके ऊपर हाथ उठा दिया. ऐसे में गुस्से में आकर उसने हंसिए से नेहा के ऊपर कई वार किए. इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई.

वारदात को हादसा बताने की कोशिश

आरोपी ने पुलिस को बताया कि वारदात को उसने हादसा बताने की खूब कोशिश की. इसके लिए उसने पहले अपनी पत्नी को नेहा को अस्पताल ले जाने और फिर पुलिस में हंसिए पर गिरने की शिकायत देने को कहा. फिर वह खुद वहां से फरार हो गया. हालांकि सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने महज 24 घंटे के अंदर ना केवल वारदात का खुलासा कर दिया, बल्कि अगले कुछ घंटे में ही आरोपी को अरेस्ट कर अदालत में भी पेश कर दिया. एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र प्रसाद के मुताबिक आरोपी को अरेस्ट कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है.

Follow Us