गोरखपुर जेल की दीवार फांदकर POCSO आरोपी फरार, पूरे जिले में अलर्ट; कई टीमें तलाश में

गोरखपुर जिला जेल से पॉक्सो और अपहरण के मामले में बंद आरोपी फरार हो गया. दोपहर को बंदियों की गिनती में उसके गायब होने का पता चला. इस घटना के बाद से पूरे जेल प्रशासन में हड़कंप मचा है. डीएम-एसएसपी मौके पर भी पहुंचे. पूरे जिले में अलर्ट जारी कर पुलिस तलाश में जुटी हैं.

गोरखपुर जेल से POCSO आरोपी फरार, पूरे जिले में अलर्ट Image Credit:

गोरखपुर जिला जेल से शुक्रवार सुबह पॉक्सो एक्ट और अपहरण के मामले में कैद एक बंदी के फरार होने से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया. घटना की जानकारी मिलते ही पूरे जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया. पुलिस, क्राइम ब्रांच समेत कई टीमें आरोपी की तलाश में जुट गई हैं. डीएम और एसएसपी भी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कराई.

जानकारी के मुताबिक, बांसगांव थाना क्षेत्र का रहने वाला विपिन कुमार 18 जुलाई को गिरफ्तार कर जिला जेल भेजा गया था. उसके खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज था और पीड़िता के नाबालिग होने के कारण बाद में पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की धाराएं भी जोड़ी गई थीं. जेल प्रशासन को कैदी के भागने की जानकारी दोपहर उनकी गिनती के समय हुई.

प्रशासन GRP-RPF और क्राइम ब्रांच से ले रही मदद

बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह जेल परिसर में बंदियों से खेती और सब्जी उत्पादन का काम कराया जा रहा था. काम खत्म होने के बाद दोपहर करीब 12 बजे जब बंदियों की गिनती हुई तो विपिन गायब मिला. इसके बाद जेल प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई. सभी बैरकों की दोबारा तलाशी ली गई, लेकिन कैदी विपिन कुमार का कोई सुराग नहीं मिला.

सूचना मिलते ही शाहपुर और बांसगांव थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच, जेल प्रशासन, जीआरपी और आरपीएफ को अलर्ट कर दिया गया. रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और जिले की सीमाओं पर सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया है. आरोपी की तलाश के लिए कई विशेष टीमें गठित की गई हैं.

पेड़ के सहारे दीवार पार कर हुआ होगा फरार- डीएम

डीएम दीपक मीणा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह आशंका सामने आई है कि बंदी जेल परिसर में मौजूद पेड़ और उसकी डालियों के सहारे दीवार पार कर फरार हुआ हो सकता है. उन्होंने कहा कि जेल और उसके आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि सुरक्षा व्यवस्था में कहां चूक हुई.

इस घटना के बाद जिला जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं. अधिकारियों का कहना है कि फरार बंदी को जल्द गिरफ्तार करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. जांच रिपोर्ट के बाद लापहरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.

Follow Us