गोरखपुर में राम मंदिर चढ़ावा चोरी के पोस्टर पर बवाल, हिरासत में सपा नेता

अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी मामले की सियासत अब गोरखपुर तक पहुंच गई है. समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता अरविंद उपेंद्र शुक्ला द्वारा लगाए गए विवादित पोस्टरों के बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया. पोस्टर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीरों के साथ विवादित नारे लिखे गए थे. सूचना मिलते ही पुलिस और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची, पोस्टर हटाए गए और सपा नेता को हिरासत में लिया.

गोरखपुर शहर के शास्त्री चौक पर पोस्टर लगाया गया था

अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले की गूंज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर तक पहुंच गई है. यहां समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता अरविंद उपेंद्र शुक्ला द्वारा लगाए गए विवादित पोस्टरों ने नया राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है. पोस्टर लगाए जाने के बाद देर रात पुलिस और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची, पोस्टर हटाए गए और सपा नेता को हिरासत में लेकर कैंट थाने ले जाया गया.

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात करीब 11 बजे गोरखपुर शहर के शास्त्री चौक पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता अरविंद उपेंद्र शुक्ला ने राम मंदिर चढ़ावे की कथित चोरी को लेकर एक पोस्टर लगाया. पोस्टर में लिखा था, ‘राम नाम जपना, चोरी का चढ़ावा अपना’ और ‘रामचंद्र कह गए सिया से, ऐसा कलयुग आएगा, चोर करेगा मंदिर में चोरी, चौकीदार देखता रह जाएगा.’ पोस्टर में पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ की तस्वीरें भी थीं.

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस

पोस्टर लगाए जाने की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया. पुलिस टीम तत्काल शास्त्री चौक पहुंची, जहां पोस्टर हटाने को लेकर सपा नेता अरविंद उपेंद्र शुक्ला और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई. कुछ देर तक मौके पर तनावपूर्ण माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में लोग वहां एकत्र हो गए. स्थिति को देखते हुए नगर निगम की टीम को भी मौके पर बुलाया गया. इसके बाद नगर निगम और पुलिस की मौजूदगी में विवादित पोस्टर हटाए गए.

सपा नेता को हिरासत में लिया गया

पोस्टर हटाने के बाद पुलिस ने सपा नेता अरविंद उपेंद्र शुक्ला को हिरासत में लेकर कैंट थाने पहुंचाया. फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है. अभी तक इस संबंध में कोई औपचारिक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है, लेकिन पोस्टर की सामग्री और घटनाक्रम के आधार पर विधिक कार्रवाई पर विचार किया जा रहा है.

राम मंदिर मुद्दे पर लगातार जारी है सियासत

अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी का मामला पिछले कुछ दिनों से उत्तर प्रदेश की राजनीति के केंद्र में बना हुआ है. विपक्ष लगातार इस मुद्दे पर सरकार और ट्रस्ट को घेर रहा है, जबकि सरकार का कहना है कि मामले की जांच विशेष जांच दल (SIT) कर रहा है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है. इसी राजनीतिक माहौल के बीच गोरखपुर में लगाए गए इन पोस्टरों ने विवाद को और हवा दे दी है.

Follow Us