फेल होने की अफवाह पर छात्रा ने खा लिया जहर…बाद में पता चला मिले हैं 78% अंक, तब तक चली गई जान

सहजनवां क्षेत्र की तिलौरा गांव की 10 वीं की छात्रा को किसी ने फेल होने की गलत जानकारी दे दी. आनन फानन में पिता दुर्गेश उसे लेकर CHC गए,जहां डॉक्टर ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया. जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. अब पता चला कि किशोरी ने 78 प्रतिशत अंक से 10वीं की परीक्षा को पास किया है.

गोरखपुर में 10वीं की छात्रा ने किया सुसाइड

गोरखपुर के सहजनवां थाना क्षेत्र के तिलौरा गांव से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां 10वीं की छात्रा अराध्या को किसी ने उसके फेल होने की गलत जानकारी दे दी. आहत होकर छात्रा ने तुरंत जहर खा लिया. फिर कुछ देर बाद जब उसे पास होने की सही जानकारी मिली तो उसने जहर खाने की जानकारी अपनी दादी को बताई. आनन-फानने में छात्रा को अस्पताल ले जाया गया. लेकिन तब तक उसने दम तोड़ दिया.

तिलौरा गांव के दुर्गेश धर दुबे की 16 वर्षीय बेटी नगर पंचायत स्थित सेंट जोसेफ स्कूल में हाई स्कूल की छात्रा थी. CBSE बोर्ड का बुधवार को प्रणाम घोषित हुआ. उसे किसी ने गलत सूचना दी कि वह हाई स्कूल में फेल हो गई है. इसपर उसने जहर खा लिया. जिस समय यह घटना हुई किशोरी की मां अपने दोनों बेटों के साथ संत कबीर नगर जनपद की बखिरा क्षेत्र स्थित मां की गई हुई थी.

78 प्रतिशत अंक से पास हुई थी छात्रा

किशोरी को अपने पास होने की जानकारी कुछ देर बाद अपने बड़े भाई से मिली. पता चला कि उसे 78 प्रतिशत अंक मिले हैं. इसके बाद किशोरी ने जहर खाने की बात अपनी दादी से बताई. इसके बाद आनन फानन में पिता दुर्गेश उसे लेकर CHC गए,जहां डॉक्टर ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया. जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई.

पिता ने गाड़ी के अंदर छोड़ दिया शव

घर लौटने पर पिता ने शव को गाड़ी में ही रखा और गाड़ी का दरवाजा बंद कर दिया. जब किशोरी की मां घर पहुंची तो पिता ने उसके ठीक होने की बात कही. लेकिन मां को संदेह होने पर उसने गाड़ी का दरवाजा खोला, जहां किशोरी का शव पड़ा हुआ था. शव को देखते ही घर में कोहराम मच गया. किशोरी की मां अंशिका दुबे की सूचना पर मौके पर पुलिस भी पहुंच गई, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया.

किशोरी की मां ने पति पर लगाए ये गंभीर आरोप

किशोरी की मां ने अपने पति के विरुद्ध पुलिस को तहरीर दी है. उन्होंने बताया कि उनके पति ने बेटी को परीक्षा परिणाम में असफल होने पर प्रताड़ित किया. इससे आहत होकर उनकी बेटी ने जहर खा लिया. मां ने तहरीर में बताया कि इससे पहले भी वह बेटी को प्रताड़ित करते थे. इस मामले में एसपी नॉर्थ ने बताया कि पत्नी द्वारा दिए गए तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

Follow Us