कौन है गोल्डन साहनी, जिसने MBBS छात्र को रौंद डाला… मंत्री को बताता है ‘फूफाजी’

गोरखपुर में MBBS छात्र आकाश पांडे को अपनी फॉर्च्यूनर से कुचलने वाला गोल्डन साहनी शहर का छुटभैया नेता है. खुद को यूपी के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद का करीबी होने का दावा करता है. साथ ही मंत्री जी को अपना फूफा भी बताता है. इसके अलावा वह लोगों को अपना परिचय भावी ब्लॉक प्रमुख के तौर पर देता था.

MBBS छात्र को रौंदने वाला गोल्डन साहनी Image Credit:

गोरखपुर में एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने मोहद्दीपुर-कौवाबाग ओवरब्रिज पर एक स्कूटी सवार MBBS छात्र आकाश पांडे को रौंद दिया था. यह टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि छात्र उछल कर ओवरब्रिज के डिवाइडर पर जा गिरा. वह तकरीबन 30 मिनट तक दीवार पर लटकते रहा. सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई थी. पुलिस ने इस मामले में गोल्डन साहनी नाम के एक स्थानीय नेता को गिरफ्तार किया है.

गिरफ्तारी के बाद भी भौकाल दिखाने की कोशिश

गिरफ्तारी के बाद गोल्डन साहनी का एक वीडियो सामने आया है. इसमें  फुल ‘भौकाल’ से जेब में हाथ डालकर पुलिसवालों के साथ कस्टडी में खड़ा नजर आ रहा है. उसके चेहरे पर इसकी कोई शिकन नहीं है कि उसने किसी के घर के इकलौटे चिराग को अपनी फॉर्च्यूनर कार से रौंद कर बुझा दिया है. इतना ही नहीं उसने गिरफ्तारी के अगले दिन शाहपुर पुलिस थाने में कपड़े भी चेंज किए. वह सफेद शर्ट में जेल जाते दिखा.

कैबिनेट मंत्री संजय निषाद को बताता है अपना फूफा

गोल्डन साहनी के बारे में जो जानकारी निकल कर सामने आई है उसके मुताबिक गोरखपुर में उसकी इमेज छुटभैया नेता की है. बड़े नेताओं के आगे-पीछे घूमता रहता है. खुद को यूपी के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद का करीबी होने का दावा करता है. उन्हें अपना फूफा बताता है. अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर उसने संजय निषाद के साथ कई रील्स भी अपलोड कर रखी हैं. वह गोरखपुर में प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है और खुद को भावी ब्लॉक प्रमुख पिपरौली बताता था.

संजय निषाद के साथ शहर में लगा रखे हैं पोस्टर

गोरखपुर शहर में गोल्डन साहनी ने संजय निषाद के साथ पोस्टर पर पोस्टर लगा रखे हैं. कहा जा रहा है कि वह उनकी पार्टी से अबकी ब्लॉक प्रमुख चुनाव में हाथ आजमाने जा रहा था. चौरी-चौरा विधायक सरवन निषाद के साथ भी उसकी कई तस्वीरें हैं. हाल ही में वह सरवन निषाद के साथ पार्टी फंक्शन में भी दिखाई दिया था. इसके अलावा गोल्डन साहनी का एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें वह लड़की से छेड़छाड़ करते हुए और गालियों के साथ धमकी देते हुए दिख रहा है.

गोल्डन साहनी के खिलाफ एक और तहरीर

गोल्डन साहनी अपने फॉर्च्यूनर से कई गाड़ियों को टक्कर मारी थी. इसमें बीआरडी मेडिकल कॉलेज के छात्र आकाश पांडे की तो मौत हो गई. वहीं, इस हादसे में गीता वाटिका के पास रहने वाले नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. कमलेश कुमार शर्मा के भाई उमेश शर्मा भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं. फिलहाल, वह कोमा में हैं. अब इस मामले में डॉ. कमलेश कुमार शर्मा ने भी गोल्डन साहनी के खिलाफ शाहपुर थाने में तहरीर दी है.

घटना में घायल दूसरा शख्स कोमा में

डॉ. कमलेश कुमार ने बताया कि होली मिलने के लिए बहन के घर गए थे. इस दौरान 9 बजे के आसपास जब वह मोहद्दीपुर-कौवाबाग के पास पहुंचे थे.तभी रांग साइड से एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर लहराते हुए आई और उमेश शर्मा की स्कूटी में टक्कर मार दी. टक्कर लगने के बाद वह उड़कर रेलिंग से जाकर लड़कर गिर गए. वह इस वक्त कोमा में हैं. एम्स में उनका इलाज चल रहा है. परिवार में उनकी पत्नी और दो बच्चे हैं. अब जब आरोपी के बारे में पता चला तो वह एफआईआर दर्ज कराने आए हैं.

रिश्तेदारों को आशंका-छूट जाएगा गोल्डन साहनी

मृतक एमबीबीएस छात्र आकाश पांडे संतकबीरनगर जिले के धर्मसिंघवा थाना क्षेत्र के बरगदवां माफी वार्ड नंबर 10 का रहने वाला था. उसके पिता टेंट का दुकान चलाते हैं. वहीं, मां हाउसवाइफ हैं. वह अपने मां-बाप का इकलौटा बेटा था. लेकिन एक छुटभैया नेता की करतूत ने उसके मां-बाप से घर का इकलौता चिराग छीन लिया. फिलहाल, गोल्डन साहनी पर गैर इरातन हत्या का केस दर्ज है. ऐसे में लोग आशंका जाहिर कर रहे हैं, कुछ ही दिन में उसे जमानत मिल जाएगी.

Follow Us