ग्रेटर नोएडा बना ड्रग तस्करों का ठिकाना? 5.4 करोड़ की खेप बरामद; 2 नाइजीरियाई महिला अरेस्ट

ग्रेटर नोएडा में विदेशी महिलाओं द्वारा संचालित करोड़ों के ड्रग नेटवर्क का खुलासा हुआ है. मुंबई ATS और ग्रेटर नोएडा पुलिस एक फ्लैट पर रेड में दो नाइजीरियाई महिलाओं को गिरफ्तार किया है. इनके पास से दो किलो मेथामफेटामाइन (ड्रग्स) मिले हैं. फ्लैट से ड्रग बनाने का कच्चा माल भी मिला.

ग्रेटर नोएडा में 5.4 करोड़ की ड्रग्स जब्त, दो नाइजीरियाई महिलाएं गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा में विदेशी महिलाओं के जरिए चल रहे कथित ड्रग नेटवर्क का बड़ा खुलासा हुआ है. मुंबई ATS और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में ओमिक्रॉन सेक्टर स्थित एक फ्लैट से दो नाइजीरियाई महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने करीब 2 किलो 688 ग्राम मेथामफेटामाइन बरामद की है जिसकी कीमत 5.4 करोड रुपए बताई जा रही है.

यह पूरा मामला ग्रेटर नोएडा के कासना थाना क्षेत्र का है. मुंबई एटीएस को ड्रग नेटवर्क से जुड़े इनपुट मिले थे. इसके बाद मुंबई एटीएस ने ग्रेटर नोएडा पुलिस के साथ मिलकर छापेमारी की. तलाशी के दौरान फ्लैट से दो नाइजीरियाई महिलाएं पकड़ी गईं. साथ ही टीम को यहां ड्रग तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला कथित रॉ मटेरियल भी मिला है.

फ्लैट में तैयार होती थी ड्रग या बाहर से अति थी खेप

अब जांच एजेंसियां इस बात का पता लगाने में जुटी हैं कि फ्लैट से मिला रॉ मटेरियल वहीं ड्रग तैयार करने के लिए इस्तेमाल किया जाता था या बाहर से तैयार ड्रग लाकर यहां उसकी सप्लाई की जाती थी. पुलिस और एटीएस की टीम फ्लैट से बरामद सामान, दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है. साथ ही दोनों महिलाओं से भी पूछताछ हो रही है.

जांच में इस ड्रग नेटवर्क के तार मुंबई के बांद्रा ईस्ट इलाके से भी जुड़ते नजर आ रहे हैं. जांच एजेंसियां ग्रेटर नोएडा और मुंबई से मिले सुरागों को जोड़कर पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं. पुलिस को आशंका है कि ड्रग सप्लाई का यह नेटवर्क केवल एक शहर तक सीमित नहीं हो सकता और इसके तार दूसरे शहरों से भी जुड़े हो सकते हैं.

ग्रेटर नोएडा ही क्यों बन रहा ड्रग तस्करों का ठिकाना?

इस कार्रवाई के बाद एक बार फिर सवाल उठ रहा है कि आखिर ग्रेटर नोएडा ड्रग तस्करों के लिए सुरक्षित ठिकाना क्यों बनता जा रहा है. इससे पहले भी ग्रेटर नोएडा के अलग-अलग सेक्टर में भारी मात्रा में ड्रग्स बरामद हो चुकी हैं और विदेशी नागरिकों की गिरफ्तारी के मामले सामने आते रहे हैं. सवाल है कि लोकल पुलिस को इसकी भनक क्यों नहीं लग पाती?

दिल्ली पुलिस इससे पहले ग्रेटर नोएडा से दो नाइजीरियाई युवकों को गिरफ्तार कर चुकी है. इसके अलावा साल 2022 और 2023 में बीटा-2 थाना और नारकोटिक्स पुलिस ने भी बड़ी मात्रा में ड्रग्स बरामद की थी. अब देखना होगा कि इस मामाले में आगे क्या एक्शन होता है. दोनों गिरफ्तार महिलाओं को ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई ले जाया जा रहा है.

Follow Us