2 साल पहले लव मैरिज, अब पत्नी के ऊपर चढ़ा दी कार; 40 लाख रुपये की लालच में हैवान बना पति
हमीरपुर में एक युवक ने अपनी ही पत्नी के ऊपर गाड़ी चढ़ा दी. आरोपी युवक ने दो साल पहले ही प्रेम विवाह किया था. लेकिन महज 2 साल के अंदर ही आरोपी ने अपनी पत्नी को खौफनाक मौत दे दी. आरोप है कि 40 लाख रुपये के बीमा क्लेम के लिए आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया.
उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में एक युवक ने अपनी ही पत्नी के ऊपर गाड़ी चढ़ा दी. आरोपी युवक ने दो साल पहले ही प्रेम विवाह किया था. लेकिन महज 2 साल के अंदर ही आरोपी ने अपनी पत्नी को खौफनाक मौत दे दी. आरोप है कि 40 लाख रुपये के बीमा क्लेम के लिए आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया. इस वारदात को हादसे का रूप देने के लिए आरोपियों ने शव को सड़क पर रखकर कुचल दिया.
घटना राठ-हमीरपुर स्टेट हाईवे पर ललपुरा थाना क्षेत्र स्थित बैठका धाम मंदिर के पास की है. बुधवार देर रात करीब 12 बजे सड़क किनारे महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. शव की पहचान होने के बाद पुलिस ने महिला के पति से पूछताछ शुरू की. आरोपी पति ने पहले ही थाने में पत्नी की गुमशुदगी दर्ज कराई थी. वहीं जब पुलिस ने पूछताछ की तो उसके बयानों में विरोधाभास सामने आया.
ऐसे हुआ खुलासा
पुलिस को शक हुआ और उसे हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई. इस दौरान आरोपी ने वारदात कबूल लिया. आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर पहले पत्नी की हत्या की, फिर वारदात को हादसा दिखाने के लिए शव को हाईवे किनारे रखकर कार चढ़ा दी. इस खुलासे के बाद पुलिस ने आरोपी पति के साथियों को भी अरेस्ट कर लिया है.
2 महीने पहले ही कराया था बीमा
राजपुर गांव कानपुर देहात के रहने वाले मृतका के पिता सर्वेश कुमार ने पुलिस को दिए शिकायत में बताया कि उनकी बेटी रीता की पहली शादी वर्ष 2002 में मैनपुरी में हुई थी. उसके तीन बेटियां और एक बेटा हैं. पति की मौत के बाद रीता के संपर्क में अमर सिंह आया, जो मौदहा कोतवाली क्षेत्र के बम्हरौली गांव का रहने वाला बताया गया है. इन्होंने दो साल पहले ही प्रेम विवाह किया था. अभी दो महीने पहले ही अमर सिंह ने उनकी बेटी के नाम 40 लाख रुपये का बीमा कराया और पहली किस्त के तौर पर 2.60 लाख रुपये जमा भी किए. लेकिन क्लेम लेने के लिए उसने रीता की हत्या कर दी.