डॉक्टर बनने का सपना टूटा, NEET रिजल्ट से आहत छात्रा ने उठाया आत्मघाती कदम
हमीपुर में नीट परीक्षा में असफलता से हताश 20 वर्षीय छात्रा ने आत्महत्या कर ली. वह परीक्षा की तैयारी के दौरान भारी मानसिक तनाव से गुजर रही थी. परिजनों ने बताया कि बेटी काफी होशियार थी, पर कम अंकों के कारण सदमे में थी. यह घटना छात्रों पर बढ़ते मानसिक स्वास्थ्य को उजागर करती है.
हमीरपुर में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में सफलता न मिलने से हताश एक छात्रा ने कथित तौर पर जहर खाकर आत्महत्या कर ली. मृतक छात्रा ने शनिवार देर रात अपने घर में कीटनाशक खा लिया था. तबीयत बिगड़ने पर उसे गंभीर हालत में उरई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया. जहां इलाज के दौरान रविवार को छात्रा की दर्दनाक मौत हो गई.
पुलिस के मुताबिक, मृतक छात्रा की पहचान राठ इलाके के दीवानपुरा मोहल्ला निवासी महेंद्र पाल साहू की बेटी श्रुति साहू (20) के रूप में हुई है. श्रुति ने लंबे समय तक नीट परीक्षा की तैयारी की थी, लेकिन हाल ही में घोषित परिणाम में अपेक्षित अंक न मिलने से उसका मेडिकल कॉलेज में प्रवेश नहीं हो सका. इसके बाद से वह लगातार तनाव में रहने लगी थी.
मेरी बेटी पढ़ने में बहुत होशियार थी- पीड़ित पिता
श्रुति के पिता महेंद्र साहू ने बताया कि उनकी बेटी कानपुर में रह कर नीट की तैयारी कर रही थी और अभी दो महीने पहले ही लौट कर आयी थी. वह पढ़ने में बहुत होशियार थी और उसने नीट की तैयारी के लिये बहुत मेहनत की थी और कम अंक आने की वजह से बहुत तनाव में रहती थी. नीट में सफल न होने के कारण हताशा में उसने ऐसा कदम उठाया.
महेंद्र साहू ने बताया कि श्रुति ने मानसिक तनाव के कारण कुछ दिनों से अपने को परिवार से अलग कर लिया था और फिर उसने शनिवार उसने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया. तबीयत बिगड़ने पर उसे पहले अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में उरई के राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) राजीव प्रताप सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार छात्रा नीट परीक्षा के परिणाम को लेकर तनाव में थी. फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है. वहीं, इस घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है, माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है.