हापुड़ में सिलेंडर न मिलने से बेटी की शादी टली, बारात लेकर आ रहा दूल्हा वापस लौटा

हापुड़ में 25 मार्च को एक बेटी की शादी होनी थी. शादी के लिए कुल 12 गैस सिलेंडर की आवश्यकता थी. लेकिन किल्लत के सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पाया. ऐसे में अंतिम समय पर परिवार को बेटी की शादी टालनी पड़ी.

गैस सिलेंडर किल्लत के चलते हापुड़ में बेटी की शादी टली

हापुड़ में गैस सिलिंडर की किल्लत के चलते एक बेटी की शादी टालनी पड़ी. दरअसल, यहां की बदनौली गांव की रहने वाली शिवानी की शादी 25 मार्च को प्रस्तावित थी. लेकिन शादी में खाना बनाने के लिए गैस सिलेंडर की व्यवस्था नहीं हो पाई. ऐसे में परिवार को बेटी की शादी टालनी पड़ी. हालांकि, DSO से सहायता का आश्वासन मिलने के बाद, अब शादी की तारीख 28 मार्च को फाइनल की गई है.

अंतिम समय पर शादी को टालना पड़ा

परिवार के मुताबिक शादी के लिए कुल 12 गैस सिलेंडर की आवश्यकता थी. हम इसकी व्यवस्था करने की कोशिश कर रहे थे. लेकिन गैस की किल्लत के चलते सिलेंडर नहीं मिल पाया. ऐसे में अंतिम समय पर शादी को टालना पड़ा. इस स्थिति से परिवार को आर्थिक और मानसिक दोनों तौर पर परेशानी हुई.

परिवार का कहना है कि लोग कह रहे हैं कि ईरान-अमेरिका युद्ध के चलते सिलेंडर की कमी हो गई है. हमारे इलाके से भी लगातार ऐसी खबरें आ रही थी. हमने आसपास के लोगों से भी संपर्क किया, कि अगर उनके पास अतिरिक्त सिलेंडर हो तो मदद हो पाए. लेकिन किसी के पास एक्सट्रा सिलेंडर की व्यवस्था नहीं थी.

परिवार ने जिला पूर्ति विभाग से लगाई थी गुहार

थक-हार कर शिवानी मां बिमलेश और भाई रॉबिन ने हापुड़ की जिला पूर्ति अधिकारी से मुलाकात की. उन्होंने अधिकारियों से अपनी समस्या बताते हुए शादी के लिए गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की गुहार लगाई. पूर्ति विभाग से छह गैस सिलेंडरों की मांग की गई थी. लेकिन वहां से भी समय पर व्यवस्था नहीं हो पाई. ऐसे में बारात लेकर आ रहे दूल्हे को वापस लौटा दिया गया.

जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) ने मदद का दिया आश्वासन

बेटी की शादी टलने का मामला सुर्खियों में आने के बाद जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) सीमा बालियान एक्टिव हुई हैं. उन्होंने हस्तक्षेप करते हुए परिवार को गैस एजेंसी से तीन सिलेंडर तत्काल दिलवाए हैं. वहीं, तीन अन्य सिलेंडर गुरुवार तक उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है.

सिलेंडर की किल्लत से आम लोगों को हो रही काफी समस्याएं

आम लोगों को सिलेंडर की किल्लत से कितनी परेशानी हो रही है, यह घटना उसका उदाहरण है. फिलहाल, अधिकारियों का कहना है कि शादी को ध्यान में रखते हुए हर संभव मदद की जा रही है. वहीं, जिला पूर्ति अधिकारी से आश्वासन मिलने के बाद परिवार भी 28 मार्च को नई तारीख पर शादी की तैयारियों में जुट गया है.

Follow Us