आगरा में 7 साल की मासूम की हत्या के बाद बवाल, किरायेदार के कमरे से आटे के कनस्तर में मिला शव
आगरा में 24 मार्च की शाम 7 साल की मासूम करीब 4 बजे घर के बाहर बच्चों के साथ खेल रही थी. तभी वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई. अब बच्ची की लाश घर की पहली मंजिल पर रहने वाले किरायेदार के कमरे में आटे के कनस्तर में मिला तो इलाके में सनसनी फैल गई.
ताजगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत नीति बाग चौकी इलाके में 7 साल की मासूम प्रज्ञा की अपहरण के बाद हत्या ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है. घर के बाहर से लापता हुई बच्ची का शव 24 घंटे बाद मिलने से स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा, जिसके बाद आगरा के फतेहाबाद रोड पर भारी उपद्रव देखने को मिला.
ताजगंज के गोबर चौकी निवासी दिनेश कुमार की 7 वर्षीय बेटी प्रज्ञा 24 मार्च की शाम करीब 4 बजे घर के बाहर बच्चों के साथ खेल रही थी. तभी वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई. परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने शुरुआती स्तर पर मामले को गंभीरता से नहीं लिया. बुधवार को जब बच्ची घर की पहली मंजिल पर रहने वाले किरायेदार के कमरे में एक बोरे में रखे आटे के ड्रम से मिला तो इलाके में सनसनी फैल गई.
सड़क पर उतरी आक्रोशित भीड़
बच्ची की मौत की खबर मिलते ही सैकड़ों की संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए और फतेहाबाद रोड पर जाम लगा दिया. आक्रोशित भीड़ ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों ने पथराव शुरू कर दिया और कई वाहनों में तोड़फोड़ की. स्थिति को अनियंत्रित होता देख पुलिस को भीड़ को खदेड़ने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा. वर्तमान में मौके पर कई थानों की फोर्स और वरिष्ठ अधिकारी तैनात हैं.
पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल
परिजनों और स्थानीय लोगों का सीधा आरोप है कि यदि पुलिस समय रहते इलाके की घेराबंदी करती और तत्परता दिखाती, तो प्रज्ञा की जान बचाई जा सकती थी. लोगों का कहना है कि अपहरण जैसी संवेदनशील सूचना के बावजूद पुलिस की सुस्ती ने एक मासूम की जान ले ली.
जांच और वर्तमान स्थिति
डीपीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है.सूत्रों के मुताबिक, जांच के दायरे में एक पड़ोसी युवक है, जिससे पूछताछ की जा सकती है.पुलिस अपहरण, पुरानी रंजिश और अन्य संभावित कोणों पर पड़ताल कर रही है.
आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन
घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा है और स्थानीय निवासियों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों में भारी डर का माहौल है.
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है.
