उफ्! फिर जाम में गई जान… बीमार बच्ची को ले जा रहे थे अस्पताल, पैठ बाजार में फंसी बाइक; हो गई मौत

हापुड़ में भीषण ट्रैफिक जाम के कारण एक 7 वर्षीय बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई. परिजन उसे अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन पैठ बाजार में बाइक फंसने से इलाज में देरी हुई. इतने में मासूम ने दम तोड़ दिया. यह घटना स्थानीय प्रशासन की व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाती है और सड़क अतिक्रमण व ट्रैफिक प्रबंधन की कमी को उजागर करती है.

जाम में फंसकर मासूम की मौत

उत्तर प्रदेश के हापुड़ में एक बार फिर जाम के झाम में फंस कर एक मासूम बच्ची की मौत हो गई. इस बच्ची की तबियत खराब होने पर परिजन उसे बाइक पर अस्पताल ले जा रहे थे. रास्ते में लगे पैठ बाजार के जाम में काफी देर तक बाइक फंसी रही और अस्पताल पहुंचने में काफी देर हो गई. इतने में बच्ची ने दम तोड़ दिया. परिजनों ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दी है. पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है.

मामला हापुड़ के थाना देहात क्षेत्र के मोहल्ला फूलगढ़ी का है. पुलिस के मुताबिक बुलंदशहर के गुलावटी की रहने वाली इंसा (7) यहां अपने नानी के घर आई थी. बुधवार की शाम को अचानक उसकी तबियत बिगड़ गई. घर वालों ने उसे प्राथमिक उपचार देने की कोशिश की, लेकिन उसकी हालत खराब होती जा रही थी. ऐसे में बच्ची के मामा उसे बाइक पर बैठाकर अस्पताल के लिए चल पड़े, लेकिन रास्ते में पैठ बाजार लगा हुआ था.

आधे घंटे तक फंसी रही बाइक

पैठ बजार में यह बाइक काफी देर तक फंसी रही. इधर, बच्ची की हालत खराब होती जा रही थी. ऐसे में बच्ची के मामा ने अस्पताल तक जाने का इरादा छोड़ा और पास की ही क्लीनिक में ले गया. जहां डॉक्टर ने बच्ची को देखते ही मृत घोषित कर दिया. यह खबर घर पहुंची तो बच्ची की मां और ननिहाल में मौजूद लोगों में कोहराम मच गया. तुरंत मामले की जानकारी पुलिस को दी गई. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

मामा ने बताया घटनाक्रम

बच्ची के मामा सैफ अली ने बताया कि उनकी भांजी इंसा की तबियत बिगड़ गई थी. वह अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन उनकी बाइक बुधबाजार में फंस गई. इसकी वजह से अस्पताल पहुंचने में काफी वक्त लगा और इस दौरान बच्ची की मौत हो गई. इस संबंध में नगर सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि बच्ची की मौत तबीयत बिगड़ने के वजह से हुई है. मामले की जांच कराई जा रही है. सड़क पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.