इकलौते MLA के ठिकानों पर रेड से बिफरी मायावती, बोली- ये मानवता के खिलाफ; टाइमिंग पर सवाल
बहुजन समाज पार्टी के विधायक उमाशंकर सिंह के कई ठिकानों पर आयकर विभाग का छापा पड़ा है. इस कार्रवाई पर पार्टी सुप्रीमो मायावती ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने बचाव करते हुए कहा कि वे ईमानदार हैं और गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं. साथ ही छापे की टाइमिंग को अमानवीय बताया.
बहुजन समाज पार्टी के विधायक उमाशंकर सिंह के कई ठिकानों पर बुधवार को इनकम टैक्स का छापा पड़ा. आयकर अधिकारी की इस कार्रवाई से राजनीति हलचल तेज हो गई है. बसपा सुप्रीमो मायावती ने आयकर विभाग की कार्रवाई पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण और मानवता के ख़िलाफ बताया. साथ ही टाइमिंग पर सवाल उठाए.
बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने उमाशंकर सिंह जबसे बीएसपी में आये हैं उन्होंने पूरी ईमानदारी और निष्ठा से ज़िम्मेवारी निभाई है. आजतक इनके क्षेत्र से इनके बारे में किसी भी प्रकार की अवैध तरीके़ से सम्पत्ति अर्जित करने या अन्य कोई भी ग़लत कार्य करने की शिकायत नहीं आई है. अगर कोई शिकायत थी तो इनके ठीक होने पर पूछताछ की जाती.
हम विभाग के कार्य में दख़ल नहीं दे रहें, लेकिन…
बसपा सुप्रीमो मायावती ने अपने अधिकारिक एक्स अकाउंट पर पोस्ट के जरीए इसपर टिप्पणी की है. उन्होंने कहा, ‘पिछले लगभग दो वर्षों से वे (उमाशंकर सिंह) काफी गंभीर बीमारी से जूझ रहें हैं. ऐसी स्थिति में आयकर विभाग को अगर इनके सम्बन्ध में कोई शिकायत मिली थी तो वे इनके ठीक हो जाने के बाद इनसे पूछताछ कर सकते थे.’
उन्होंने आगे उमाशंकर सिंह के ठिकानों पर आयकर विभाग की कार्रवाई को मानवता के बताया. मायावती ने कहा, ‘हम कोई इस विभाग के कार्य में दख़ल नहीं दे रहें, लेकिन आज जिस तरह से इन पर अति-गंभीर बीमारी के दौरान कार्रवाई की गयी है, वह अति-दुर्भाग्यपूर्ण है और मानवता के ख़िलाफ है.’
अखिलेश यादव और बीजेपी नेता ने भी की निंदा
वहीं, बसपा के एकमात्र विधायक उमाशंकर सिंह के ठिकानों पर रेड से राजनीतिक गलियारों में भी हलचल तेज है. समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इसे बदले की कार्रवाई करार दिया. उन्होंने कहा, ‘कुछ लोग जापान गए है इसलिए उमाशंकर के यहां छापा पड़ा है अगर यह लोग जापान न गए होते तो छापा नहीं पड़ता.’
इसके अलावा, योगी सरकार में मंत्री और बीजेपी नेता दिनेश प्रताप सिंह, जो बसपा विधायक के समधी भी हैं, उन्होंने कहा कि उमाशंकर सिंह पिछले ढाई साल से कैंसर से जूझ रहे हैं. जिसने भी छापेमारी करवाई है, उसने गलत किया है. विधायक के कमरे में नर्स और डॉक्टर को भी जाने की अनुमति नहीं है.
