माता सीता पर विवादित टिप्पणी को लेकर जेल गए सपा से निष्कासित यदुनंदन फिर जाएंगे सलाख़ों के पीछे?

सपा से निष्कासित यदुनंदन वर्मा, जो माता सीता पर विवादित टिप्पणी कर जेल गए थे, अब जमानत पर बाहर आने के बाद बिना अनुमति जुलूस निकालने के आरोप में एक बार फिर गिरफ्तार हो सकते हैं. हरदोई पुलिस ने उनके खिलाफ नई FIR दर्ज की है और तलाश जारी है. यह मामला उनके समर्थकों द्वारा निकाले गए जुलूस से जुड़ा है, जिसके आयोजक पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं.

यदुनंदन लाल वर्मा

उत्तर प्रदेश के हरदोई में सपा नेता यदुनंदन लाल वर्मा फिर गिरफ्तार हो सकते हैं. अभी हाल ही में माता सीता और मां कौशल्या पर अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था, लेकिन जमानत पर बाहर आते ही उन्होंने जुलूस निकाल दिया. इस मामले में पुलिस ने उनके खिलाफ एक फ्रेश एफआईआर दर्ज किया है. वहीं जुलूस के ऑर्गनाइजर को अरेस्ट कर लिया है. अब पुलिस यदुनंदन वर्मा की तलाश कर रही है.

हरपालपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले सपा नेता यदुनंदन लाल वर्मा ने हाल ही में बाल्मीकि रामायण की गलत तरीके से व्याख्या करते हुए भगवान श्री राम की मां कौशल्या और पत्नी सीता को लेकर अभद्र टिप्पणी की थी. एक सभा में उनके भाषण का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था. इस वीडियो पर संज्ञान लेते हुए पुलिस ने उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया था. इस मामले में यदुनंदन को जमानत मिल गई है.

जेल से बाहर आते ही निकाला जुलूस

यदुनंदन के जेल से बाहर आते ही उनके समर्थकों ने एक नया बखेड़ा खड़ा कर दिया. 50 से अधिक लोगों ने जेल से उनके घर तक जुलूस निकाला. इस मामले में पुलिस ने कुछ नामजद बाकी अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जुलूस के ऑर्गनाइजर को अरेस्ट कर जेल भेज दिया है. अब पुलिस यदुनंदन की तलाश में जुटी है. इस बार यदुनंदन के खिलाफ बिना परमिशन के जुलूस निकालने और रोड जाम करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है.

भीम आर्मी ने निकाला जुलूस

पुलिस के मुताबिक सपा नेता यदुनंदन की जेल से रिहाई पर भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी नेता रितेश पासी ने जुलूस निकाला. भीम आर्मी के सदस्य दर्जनों गाड़ियों के काफिले के साथ यदुनंदन का स्वागत करने पहुंचे थे. जेल से शहर की सड़कों को जाम करते हुए यह जुलूस बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थल तक पहुंचा था. इस मामले में शहर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Follow Us