किराने की दुकान पर बेटी से छेड़खानी, विरोध किया तो रात में घर पहुंच गए दबंग; झोपड़ी में लगाई आग
हरदोई में दबंगई का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. एक बुजुर्ग की बेटी से छेड़खानी के विरोध पर दबंगों ने उनके बेटे से मारपीट की और रात में झोपड़ी में आग लगा दी. पीड़ित परिवार ने छिपकर जान बचाई और स्थानीय पुलिस की कथित अनदेखी के बाद एसपी से न्याय की गुहार लगाई है.
हरदोई के करौंदी गांव से दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक बुजुर्ग ने गांव के ही कुछ लोगों पर अपनी बेटी के साथ छेड़खानी करने और विरोध करने पर परिवार को धमकाने का आरोप लगाया है. पीड़ित का कहना है कि बेटी किराने की दुकान पर सामान लेने गई थी, जहां दुकानदार ने उसके साथ कथित तौर पर अभद्रता की.
आरोप है कि छेड़खानी का विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने बुजुर्ग के बेटे के साथ भी मारपीट की. परिवार का कहना है कि विवाद के बाद उन्हें लगातार डराया-धमकाया जाने लगा. पीड़ित पक्ष के मुताबिक, उन्हें अंदेशा था कि आरोपी किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं.
रात में घर पर धावा, झोपड़ी में लगाई आग
पीड़ित बुजुर्ग का आरोप है कि इसी विवाद के बाद रात के अंधेरे में बड़ी संख्या में दबंग उसके घर पहुंचे. आरोप है कि पिंटू नाम के व्यक्ति ने अपने साथियों के साथ मिलकर घर के बाहर बनी झोपड़ी में आग लगा दी. आग लगने के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई.
हालात बिगड़ते देख परिवार के लोगों ने बाहर निकलने के बजाय छिपकर अपनी जान बचाई. पीड़ित का कहना है कि रात के समय आरोपियों के पहुंचने से पूरा परिवार बुरी तरह डर गया था. आसपास के लोगों के हस्तक्षेप और समझाने के बाद आरोपी वहां से चले गए. इसके बाद परिवार ने राहत की सांस ली.
पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने स्थानीय पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की. परिवार का आरोप है कि उनकी शिकायत को स्थानीय स्तर पर गंभीरता से नहीं लिया गया. इसके बाद पीड़ित पक्ष ने हरदोई के पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है.
पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है. फिलहाल परिवार घटना के बाद डरा-सहमा बताया जा रहा है. मामले में लगाए गए आरोपों की वास्तविकता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी. पुलिस की जांच और कार्रवाई के बाद ही यह पता चलेगा कि झोपड़ी में आग कैसे लगी और घटना में कौन-कौन लोग शामिल थे.
रिपोर्ट: आदर्श त्रिपाठी, हरदोई