पार्टी के बहाने बुलाकर पूछा तरीका, फिर उसी से किया मर्डर; हरदोई डबल मर्डर केस में बड़ा खुलासा

हरदोई डबल मर्डर केस में सनसनीखेज खुलासा हुआ है. पुलिस के अनुसार, प्रेम प्रसंग के चलते बदले की भावना में वारदात को अंजाम दिया गया. आरोपियों ने मृतक को पार्टी के बहाने बुलाकर उसी से पुलिस से बचने के तरीके पूछे और फिर बेरहमी से हत्या कर दी. इस मामले में 3 बाल अपचारियों को हिरासत में लिया गया है, जबकि 2 आरोपी गिरफ्तार हुए हैं.

मौके पर पहुंची यूपी पुलिस Image Credit:

उत्तर प्रदेश के हरदोई में पिछले दिनों हुए डबल मर्डर केस में सनसनीखेज खुलासा हुआ है. पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने युवक को पार्टी करने के बहाने बुलाया और उसी से तरीका पूछकर उसी की हत्या कर दी. वारदात हरदाई के संडीला थाना क्षेत्र का है. पुलिस ने इस वारदात में 3 बाल अपचारियों को हिरासत में लिया है. वहीं दो आरोपियों को अरेस्ट कर जेल भेज दिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

पुलिस ने मामले की जांच करते हुए वारदात के पीछे की कहानी का भी खुलासा किया है. पुलिस के मुताबिक पकड़े गए एक बाल अपचारी की बहन और मृतक अरुण चौरसिया के बीच प्रेम प्रसंग था. बहन से बातचीत बंद कराने की कई बार कोशिश की, लेकिन अरुण उसके पीछे लगा रहा. इसकी जानकारी होने पर बाल अपचारी ने अरुण की हत्या की साजिश रची. इसके लिए अरुण को पहले कोल्ड ड्रिंक पार्टी के बहाने बुलाया, जहां उसी से मौत का तरीका पूछकर उसे ही मौत की नींद सुला दी.

दो दिन में दिया वारदात को अंजाम

आरोपियों ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि मुख्य साजिश एक बाल अपचारी ने अपने साथी प्रमोद और कुलदीप के साथ मिलकर रची थी. इसी साजिश के तहत वारदात से दो दिन पहले खेत में बांस काटकर दो डंडे तैयार किए और पानी की टंकी के पास छिपा दिया. फिर 29 जुलाई की शाम प्रमोद ने अरुण और अभिषेक के बहाने बुलाया. रास्ते में कोल्ड ड्रिंक, प्लास्टिक के गिलास और नमकीन खरीदी गई. सभी लोग निर्माणाधीन इमारत की छत पर बैठकर पार्टी करने लगे, जबकि नीचे पहले से तमंचा और बांस के डंडे छिपाकर रखे गए थे.

पूछा पुलिस से बचने का तरीका

इसी दौरान प्रमोद ने अभिषेक से बातचीत में पूछा कि “अगर किसी की हत्या करनी हो तो पुलिस से कैसे बचा जाए?” पुलिस के अनुसार, अभिषेक ने सलाह दी कि मोबाइल फोन कभी बंद नहीं करना चाहिए, बल्कि किसी दूसरे व्यक्ति को देकर उससे बात करवाते रहना चाहिए. इससे पुलिस लोकेशन ट्रेस नहीं कर पाएगी. पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने हत्या के बाद यही तरीका अपनाया. अपने मोबाइल फोन भाइयों को देकर उन्हें स्विच ऑफ न करने की हिदायत दी.

फिर दिया वारदात को अंजाम

छत पर करीब एक घंटे पार्टी करने के बाद सभी नीचे उतरे. पहले से तय योजना के मुताबिक बाल अपचारी ने बांस के डंडे से अरुण के सिर पर ताबड़तोड़ वार किए. अचानक हमला होते ही अभिषेक जान बचाकर भागा, लेकिन कुलदीप और अन्य साथियों ने उसे धक्का देकर गिरा दिया. इसके बाद प्रमोद और अन्य आरोपियों ने बांस के डंडों, ईंट और पत्थरों से दोनों पर बेरहमी से हमला किया. पुलिस के मुताबिक, जब अरुण की सांस चलती दिखी तो उसके चेहरे पर तमंचे से गोली मार दी गई. वारदात के बाद आरोपियों ने दोनों के मोबाइल फोन निकाल लिए और हथियार छिपा दिए.

Follow Us