हरदोई: शिकायत पर शिक्षक ने पीटा, 8वीं की छात्रा के हाथ में फ्रैक्चर; अब इलाज के दौरान मौत
हरदोई में 8वीं की छात्रा क्षमा दीक्षित की मौत ने स्कूल सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पिता का आरोप है कि शिकायत करने पर शिक्षक ने छात्रा को पीटा, जिससे हाथ में फ्रैक्चर हुआ और इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई. आरोपी शिक्षक निलंबित कर दिए गए हैं
हरदोई के भरखनी ब्लॉक के संविलियन विद्यालय साहुआपुर में कक्षा आठ की छात्रा की इलाज के दौरान मौत के बाद मामला गंभीर हो गया है. मृतका की पहचान क्षमा दीक्षित के रूप में हुई है. छात्रा के पिता उमेश दीक्षित ने स्कूल के शिक्षक राजेंद्र कुमार गंगवार पर बेटी के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है. इसमें छात्रा के हाथ में फ्रैक्चर हो गया था.
वहीं, अब हालत बिगड़ने पर परिवार की ओर से छात्रा को फर्रुखाबाद ले गया, जहां इलाज के दौरान 30 अगस्त को उसकी मौत हो गई. परिजनों के मुताबिक, स्कूल में क्षमा का अपनी एक सहपाठी छात्रा से बातचीत को लेकर विवाद हुआ था. इसकी को लेकर छात्रा ने शिक्षक राजेंद्र कुमार गंगवार से शिकायत की थी.
हालत बिगड़ी तो फर्रुखाबाद में कराया भर्ती
मामले में मौत से पहले का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें छात्रा कथित तौर पर अपने साथ हुई मारपीट की कहानी बताती नजर आ रही है. परिजनों के मुताबिक घटना की जानकारी मिलने पर पिता विद्यालय पहुंचे थे. आरोप है कि उस समय शिक्षक ने बच्ची का इलाज कराने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में उसके स्वास्थ्य की जानकारी नहीं ली गई.
हालत गंभीर होने पर छात्रा को फर्रुखाबाद के हॉस्पिटल में 26 अगस्त को भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान रविवार को उसकी जान चली गई. बेटी की मौत के बाद पिता ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की. मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने भी कार्रवाई की है.
इंचार्ज और सहायक अध्यापक गंगवार निलंबित
जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. सुनील सिंह विद्यालय पहुंचे. विभाग के मुताबिक, विद्यालय के इंचार्ज शिक्षक अक्षत और सहायक अध्यापक राजेंद्र कुमार गंगवार को निलंबित कर दिया गया है. विभाग की ओर से विद्यालय में घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है. स्कूल में मौजूद शिक्षकों और छात्र-छात्राओं के बयान भी लिए जा सकते हैं.
छात्रा के शव का फर्रुखाबाद में पोस्टमार्टम कराया गया है. अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है. पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल छात्रा की मौत के बाद हड़कंप मचा हुआ है.