हरदोई में कुदरत का कहर, बिजली गिरने से खेत में काम कर रहे किसान की मौत, 2 बेटे भी झुलसे
उत्तर प्रदेश के हरदोई में अचानक मौसम बदलने से आकाशीय बिजली का कहर बरपा है. एक किसान की बिजली गिरने से मौत हो गई, जब वह खेत में काम कर रहे थे. वहीं, मृतक के दो मासूम बेटे गंभीर रूप से झुलस गए. इस दर्दनाक हादसे से परिवार में कोहराम मच गया है, पूरे गांव में मातम है.
उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में रविवार को कुदरत का कहर देखने को मिला है. खेत में काम कर रहे एक किसान पर आकाशीय बिजली गिरने से उसकी मौत हो गई, जबकि उसके दो मासूम बेटे गंभीर रूप से झुलस गए. दोनों बच्चों का अस्पताल में इलाज जारी है. हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल है.
मामला हरदोई जिले के अरवल थाना क्षेत्र के खैरुद्दीनपुर राजा साहब गांव का है. मृतक किसान की पहचान 45 वर्षीय अवधेश सिंह के रुप में हुई है. वह अपने दो बेटों शोभित और अमन के साथ खेत पर गए थे. बताया जा रहा है कि वे खेत में खुदी पड़ी आलू की फसल को बारिश से बचाने के लिए पन्नी से ढक रहे थे, लेकिन कुदरत के कहर का शिकार हो गए.
एक बेटा 11 साल का, दूसरे की उम्र 8 साल
जानकारी के मुताबिक, खेत में काम करने के दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आकर तीनों गंभीर रूप से झुलस गए. परिजन उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरपालपुर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने अवधेश सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रुप से घायल दोनों बच्चों का इलाज जारी है.
घटना रविवार सुबह 11 बजे की बताई जा रही है, गंभीर रूप से झुलस दोनों बेटे में शोभित की उम्र 11 साल है, जबकि दूसरा अमन केवल आठ साल का बताया जा रहा है. परिजनों के मुताबिक अवधेश सिंह परिवार का मुख्य सहारा थे. उनके परिवार में पत्नी स्नेहलता और छह बेटे हैं. इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
वहीं, घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच की है. प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार पंकज ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. फिलहाल इस दर्दनाक हादसे के बाद पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है.