नशे में ‘टुन्न’ युवक ने रुकवा दी ट्रेन! ड्राइवर बोला- स्टेशन नहीं… पटरी है
हरदोई में एक बड़ा रेल हादसा टल गया, जब कथित तौर पर नशे में धुत एक युवक चलती ट्रेन के नीचे जा घुसा. घटना सीतापुर–बालामऊ रेलवे लाइन पर अटवा मुठिया और कमालपुर स्टेशन के बीच की है. ट्रेन चालक ने रियर व्यू मिरर में युवक को देखकर तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए, जिससे ट्रेन समय रहते रुक गई और युवक की जान बच गई. रेलवे कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने उसे सुरक्षित बाहर निकाला.
उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां कथित तौर पर शराब के नशे में धुत एक युवक रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया और चलती ट्रेन के नीचे जा घुसा. कुछ पल के लिए ऐसा लगा कि बड़ा हादसा हो जाएगा, लेकिन ट्रेन चालक की सतर्कता और त्वरित निर्णय ने युवक की जान बचा ली. घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
यह घटना सीतापुर–बालामऊ रेलवे लाइन पर अटवा मुठिया और कमालपुर स्टेशन के बीच की बताई जा रही है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक अचानक रेलवे ट्रैक पर पहुंचा और ट्रेन के पहियों के नीचे जा गिरा. उस समय ट्रेन आगे बढ़ रही थी, लेकिन चालक की नजर रियर व्यू मिरर पर पड़ गई. स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए उसने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए, जिससे ट्रेन समय रहते रुक गई.
कुछ सेकेंड की सतर्कता ने बचाई जान
ट्रेन रुकने के बाद रेलवे कर्मचारियों और आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने मिलकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाला. राहत की बात यह रही कि युवक की जान बच गई और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ. अगर चालक कुछ सेकेंड भी देर कर देता, तो घटना दुखद रूप ले सकती थी.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग ट्रेन चालक की जमकर तारीफ कर रहे हैं. कई यूजर्स ने उनकी सतर्कता को सराहा, जबकि कुछ लोगों ने नशे की हालत में ऐसी लापरवाही पर चिंता जताई. कुछ यूजर्स ने हल्के-फुल्के अंदाज में लिखा— इतना भी मत पियो कि ट्रेन भी तुम्हारे लिए रुक जाए. हालांकि कई लोगों ने यह भी कहा कि इस तरह की घटनाओं को मजाक के बजाय गंभीर चेतावनी के रूप में देखा जाना चाहिए.