फौजी को सरेआम मार दी गई थी गोली, अब थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसवाले किए गए लाइन हाजिर, आरोपियों पर 25 हजार का इनाम

हाथरस में चंद्रा फार्म हाउस के पास 5 फरवरी को सरेआम सेना के जावन अखिलेश को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. अब इस मामले में थाना प्रभारी समेत 3 पुलिस वालों को लाइन हाजिर कर दिया गया है. वहीं, फरार 8 आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया गया.

हाथरस में फौजी अखिलेश की हत्या

हाथरस में सेना के एक जवान की 5 फरवरी को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. अब इस मामले में लापरवाही बरतने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस अधीक्षक ने सादाबाद के कोतवाली प्रभारी योगेश कुमार, दरोगा विजय कुमार और कॉन्स्टेबल हरीश पाल लोहिया को लाइन हाजिर कर दिया है.

सादाबाद क्षेत्रान्तर्गत आगरा-अलीगढ़ रोड पर चंद्रा फार्म हाउस के पास 5 फरवरी को सरेआम सेना के जावन अखिलेश को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. पुलिस की तरफ से इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था. हालांकि, अब भी 8 आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं.

आरोपियों पर 25 हजार का इनाम घोषित

अब पुलिस ने फरार आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ने के लिए सभी 8 आरोपियों में 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है. जिन आरोपियों पर इनाम घोषित किया गया है उनके नाम है. रमेश पुत्र सुनहरीलाल, जगवीर पुत्र सुनहरीलाल, अंकित पुत्र सुरेश, केके पंडित उर्फ कमलकांत गौतम पुत्र शिवकुमार, भोला उर्फ भोलू पुत्र पप्पू, विक्रम उर्फ विक्की पुत्र रमेश, गब्बर पुत्र दिनेश, हेमंत पुत्र जगवीर. ये सभी आरोपी थाना सादाबाद के समदपुर के रहने वाले हैं.

आरोपियों के घर बुलडोजर चलाने की मांग की

बता दें इस बीच फौजी अखिलेश की बहन ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया था. उन्होंने न्याय की गुहार लगाते हुए कहा था कि उनके उनके भाई की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई. अब उन्हें न्याय चाहिए. जिस तरह उनके भाई की हत्या की गई है, उसी तरह आरोपियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करे. उनके घरों पर बुलडोजर चलाया जाए.

क्राइम ब्रांच कर रही अब इस मामले की जांच

फौजी अखिलेश की हत्या के मामले की जांच अब क्राइम ब्रांच कर रही है. क्राइम ब्रांच की टीम अब नए सिरे घटनास्थल, गवाहों के बयान, तकनीकी साक्ष्य और पूर्व की कार्रवाई को परख रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस मामले में शामिल सभी लोगों को पकड़ लिया जाएगा. 

( हाथरस से शुभम गुप्ता की रिपोर्ट)

Follow Us