UP में एक और कस्टोडियल डेथ! लॉकअप में बंदी ने लगाई फांसी, रोशनदान से लटका मिला शव
उत्तर प्रदेश के हाथरस में एक और कस्टोडियल डेथ का मामला सामने आया है. चंदपा थाने में अपहरण के आरोपी चंद्रपाल का शव बॉथरूम में फंदे से लटका मिला. पुलिस ने थाना प्रभारी और सिपाही को निलंबित कर जांच शुरू कर दी है. मृतक के भाई ने पुलिस पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है, जबकि किशोरी ने अपहरण की बात कही है.
उत्तर प्रदेश में कस्टोडियल डेथ के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे. नया मामला उत्तर प्रदेश में हाथरस स्थित चंदपा थाने का है. इसमें एक युवक का शव थाने के बॉथरूम में फंदे से लटका मिला है. युवक का गला उसके खुद के गमछे से बंधा पड़ा था, वहीं यह गमछा बॉथरूम के रोशनदान में लगी ग्रिल में बंधा था. घटना गुरुवार की देर रात का है. जानकारी होते ही महकमे में हड़कंप मच गया है. आनन फानन में मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं.
पुलिस के मुताबिक मृत युवक की पहचान गाजियाबाद के लोनी निवासी चंद्रपाल के रूप में हुई है. उसके ऊपर एक नाबालिग किशोरी को भगाने का आरोप है. किशोरी के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गाजियाबाद से अरेस्ट किया था, लेकिन थाने में लाने के बाद ये घटना हो गई. इस मामले में हाथरस के पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी और ड्यूटी पर तैनात सिपाही को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है.
ये है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार चंदपा क्षेत्र की रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी का करीब एक साल से गाजियाबाद के लोनी निवासी चंद्रपाल (30) के साथ प्रेम संबंध था. दोनों की मुलाकात सोशल मीडिया के जरिए हुई थी. इसी क्रम में बीते 15 अप्रैल को किशोरी घर छोड़कर चली गई. इसके बाद किशोरी के पिता ने चंद्रपाल के खिलाफ अपहरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज करा दिया. फिर एक्शन में आई पुलिस ने गुरुवार को गाजियाबाद से चंद्रपाल को गिरफ्तार कर किशोरी को बरामद किया.
पुलिस पर प्रताड़ना का आरोप
मृतक के भाई आकाश ने पुलिस पर अवैध रूप से चंद्रपाल को हिरासत में लेने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है. आकाश ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. उधर, किशोरी ने पुलिस की पूछताछ और कोर्ट में दिए बयान में कहा कि चंद्रपाल पर अपने अपहरण का आरोप लगाया है. बताया कि चंद्रपाल उसे जबरन अपने साथ ले गया था. पुलिस ने किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया है. एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा के मुताबिक थाना प्रभारी श्याम सिंह और ड्यूटी आरक्षी लखन सिरोही को निलंबित कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. मामले की जांच एएसपी रामानंद कुशवाहा को सौंपी गई है.
रिपोर्ट: शुभम गुप्ता, हाथरस
